शहर में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों से भयभीत मानिक चौक बाजार दुकानदार आगे आए और फिर आपसी सहयोग से वहां सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त कर लिए। इसके लिए न तो किसी सरकारी तंत्र से गुहार की और न ही पैसे के लिए किसी आगे झोली फैलाई। बाजार में 40 सीसीटीवी कैमरे और 16 साउंड सिस्टम के जरिए 24 घंटे चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाती है। इसके फायदे भी सामने आए हैं।
मानिक चौक बाजार का विस्तार जवाहर चौक और गुसाईंपुरा तक है। मानिक चौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष अतुल जैन ने बताया कि मानिक चौक बाजार में 26 और गुसाईंपुरा बाजार में 14 कैमरे लगाए हैं। साथ ही साउंड सिस्टम है जिसका बकायदा कंट्रोल रूम है। यहां से कोई भी सूचना एक साथ सभी दुकानदारों को दी जा सकती है।
ये हुए फायदे
-18 अक्टूबर को एक महिला ने विवाद होने पर विक्रेता पर पर्स चोरी का आरोप लगाया। व्यापार मंडल ने महिला को सीसीटीवी फुटेज दिखाए जिससे पता चल गया कि महिला पर्स लाई ही नहीं लाई थी।
- दस दिन पहले प्रिंटिंग प्रेस मालिक का कुत्ता चोरी हुआ, जिसे बाजार में लगे कैमरे के माध्यम से पकड़ा गया। पता लगा उनके यहां पुताई करने वाले ही कुत्ता चोरी कर ले गए थे।
- बीस दिन पहले बाजार आईं लड़कियों की स्कूटी एक ही रंग होने के कारण बदल गई थी। दोनों एक दूसरे की स्कूटी लेकर चली गईं। बाद में सीसीटीवी कैमरे ने सबकुछ बता दिया और जिसकी स्कूटी थी, उनके पास पहुंच गई।
कैमरे लगवाने से घटनाओं पर रोक लगी है। कई घटनाओं को सुलझाने में मद्द मिली है। कुछ क्षेत्र हैं जहां कैमरे और साउंड नहीं लगे हैं दीवाली बाद वहां भी लग जाएंगे। आनलाइन मार्केटिंग के माध्यम से भी लोगों को सहूलियतें देने की कोशिश की जा रही है।
अतुल जैन, अध्यक्ष मानिक चौक व्यापार मंडल
व्यापारियों ने सुरक्षा के लिए जरूरी समझते हुए कैमरे और साउंड लगाने में योगदान दिया। सभी ने स्वेच्छा से ही सहयोग किया है। सुरक्षा करने के लिए खुद ही उपाय करना बेहतर है। कोई भी सूचना देनी हो तो साउंड के माध्यम से तुरंत पहुंचा दी जाती है।
विवेक सेठ, महामंत्री मानिक चौक व्यापार मंडल
बाजार में कैमरे लगने से ग्राहकों की सुरक्षा बढ़ी है। जेबकतरी, टप्पेबाजी, वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगा है। बाजार का माहौल पहले से कहीं बेहतर हो गया है। यह एक अभिनव प्रयोग है। इसे अन्य बाजारों में भी अपनाया जाना चाहिए।
जगत नारायण शिवहरे, व्यवसायी
ये समस्याएं हैं अभी
- पार्किंग की व्यवस्था न होना, नियमित साफ-सफाई न होना, अतिक्रमण, भारी वाहनों का प्रवेश।
नारंगी रंग में रंगेगा सुभाष गंज
झांसी। बृहस्पतिवार को सुभाष गंज व्यापार मंडल की बैठक हुई, जिसमें सुभाष गंज के व्यापारियों ने बाजार की 300 दुकानों को नारंगी रंग में रंगने को निर्णय लिया है। इसके अलावा बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए दुकान से पांच फीट तक सफेद पट्टी बनाई जाएगी। पट्टी के आगे दुकानों का सामान नहीं रखा जा सकेगा। इसके अलावा बैठक में व्यापारियों ने सड़क पर कचरा न फेंकने की भी शपथ ली।
बैठक में महामंत्री प्रमोद किलपन ने बताया कि पूरे बाजार में एक ही रंग के साइन बोर्ड लगेंगे, जिनमें फर्म का नाम और टिन नंबर होगा। यह सभी काम दीवाली से पहले कर लिए जाएंगे। इसके साथ ही अध्यक्ष विजय जैन ने व्यापरियों से सड़क पर कचरा न फेंकने के शपथ पत्र भरवाए। इस मौके पर लालता वर्मा, सुधीर मोदी, ओमप्रकाश साहू, अमर कारनानी, अरुण राय, अशोक सिंधी, अजय खुराना, ओमप्रकाश साहू मौजूद रहे।
अपराध पर अंकुश लगेगा
यह एक अच्छी पहल है। मानिक चौक के कारोबारियों को बधाई। बड़ा काम किया है। ऐसा अन्य बाजारों के कारोबारी भी करें तो बेहतर होगा। इससे अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगेगा।
अब्दुल हमीद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक