अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार की देर रात चित्रा चौराहे से इलाइट चौराहे की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक सवार युवक को बेरहमी से कुचल डाला। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक युवक के ऊपर से पहिया चढ़ाते हुए निकल भागा। चोट आने से युवक की मौत हो गई। वह टिफिन बांटने के बाद घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। ट्रैक्टर चालक कुछ दूर बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी ट्रैक्टर चालक को तलाश रही है।
सीपरी बाजार के चित्रा चौराहे के पास रहने वाले हेमंत मिश्रा (32) पुत्र सुनील टिफिन सेवा संचालित करते थे। शुक्रवार रात वह टिफिन बांटकर घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सीपरी ओवरब्रिज के पास जैसे ही पहुंचे, इलाइट की ओर जा रहे तेज रफ्तार से दौड़ते ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हेमंत सड़क पर गिर पड़े। उनके गिरने के बाद भी ट्रैक्टर चालक ने ब्रेक नहीं मारा बल्कि उनको कुचलते हुए आगे निकल भागा। ज्यादा चोट आने से हेमंत सड़क पर तड़पते रहे। उनको मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिवार में बुजुर्ग मां-बाप समेत पत्नी एवं दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। हेमंत पर पूरे परिवार के पालन-पोषण का जिम्मा था। सीओ सिटी रामवीर सिंह के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कराया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
इनसेट
हर सड़क पर मौत बनकर दौड़ रहीं ट्रैक्टर-ट्रालियां
एक परिवार की खुशियां चंद मिनट में रौंद देने वाली यह अकेली ट्रैक्टर-ट्राली नहीं है बल्कि इस जैसी दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रालियां रोजाना महानगर की हर सड़क पर मौत बनकर दौड़ती रहती है। यह सब ट्रैफिक पुलिस की निगाह के सामने होता है लेकिन इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं करती। नियमों के मुताबिक, ट्रैक्टर ट्राली का इस्तेमाल सिर्फ कृषि कार्य के लिए किया जा सकता है। तयशुदा समय में ही उनको शहरी सीमा में आने की इजाजत होती है लेकिन यहां सुबह से रात तक सड़कों पर ट्रैक्टर-ट्राली हर सड़क पर दौड़ती नजर आती है।
इसकी निगरानी कराई जाएगी। अनियमित संचालन होने वाली ट्रैक्टर-ट्रालियों के संचालन पर रोक लगाई जाएगी। - आलोक अग्रहरि, सीओ, ट्रैफिक