झांसी में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक ने दो शादियां की हुई थीं। दूसरी शादी का राज युवक की मौत के बाद खुला। आरोपी युवक ने पहली पत्नी और परिजनों से छिपकर दूसरी शादी की थी। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने हंगामा कर दिया।
झांसी कोतवाली के नई बस्ती इलाके में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की मौत के बाद उसकी दो शादियों का खुलासा हुआ। पहली पत्नी और परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव दूसरी पत्नी के हवाले कर दिया। युवक के आत्महत्या के पीछे मानसिक तनाव को वजह बताया गया है।
विज्ञापन
जालौन के छोंक गांव निवासी अरुण कुमार कुशवाहा (35) पुत्र माता प्रसाद महानगर की नई बस्ती में पत्नी फूलवती के साथ किराये के मकान में रहता था। फूलवती के मुताबिक अरुण पीओपी से छत बनाने का काम करता था। शुक्रवार रात उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। पत्नी ने जब कमरे में जाकर देखा तो पति फंदे पर लटका था। यह देख चीख पुकार मच गई।
उसने पड़ोसियों की मदद से पति को फंदे से नीचे उतारा और जिला अस्पताल लेकर पहुंची। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के दौरान उसकी मां समेत अन्य परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। यहां फूलवती पहले से मौजूद थी। दूसरी महिला को देख अरुण के परिजन चौंक उठे।
विज्ञापन
परिजनों का कहना था कि अरुण की पत्नी पूजा और दो बच्चे ससुराल में हैं। जबकि फूलवती भी खुद को अरुण की पत्नी बता रही थी। उसे देखकर अरुण की मां बिफर गई। पूजा के पिता कालीचरण निवासी लाहर हवेली भांडेर का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी चार साल पहले अरुण से की थी।
अरुण और पूजा के दो बच्चे हैं। अरुण के परिजनों का कहना था कि उनको अरुण की दूसरी शादी के बारे में कुछ नहीं पता। यह बात उन लोगों ने पूजा को बताई। पूजा को भी फूलवती के बारे में कुछ पता नहीं था। उसने फूलवती पर ही अरुण की हत्या का आरोप लगाया। वहीं, फूलवती का कहना उसने तीन साल पहले मंदिर में शादी की थी।
तीन साल से इसी इलाके में कई जगह किराये के मकान में वह अरुण के साथ रही है। दस दिन पहले ही वह लोग इस मकान में आए थे। फूलवती के पहले पति की मौत कैंसर से हो चुकी। अरुण से उसको एक बेटा है। अरुण ने उसे अपनी पहली पत्नी के बारे में बताया हुआ था, लेकिन परिवार से छिपाकर उससे शादी कर ली थी।
इससे उसे कोई एतराज नहीं था। फूलवती का कहना है कि अरुण के सुसाइड की वजह उसे नहीं पता। वहीं, कोतवाल संजय गुप्ता कहना है अरुण शराब का आदी था। परिवार के लोगों
से बात करने पर मालूम चला कि वह मानसिक तौर पर परेशान रहता था। मामले की छानबीन कराई जा रही है।