संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। भाई की शादी के लिए सामान खरीदने निकले युवक की मारपीट कर आठ हजार रुपये एवं चांदी की जंजीर छीन ली गई। घायल ने शिकायत के बाद रानीपुर चौकी पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
देवेंद्र पुत्र कालीचरन अहिरवार निवासी ग्राम रजपुरा थाना उल्दन ने क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि तीन फरवरी को बाइक से से अपने भाई की शादी के लिए सामान खरीदने रानीपुर जा रहा था। बाइक पर जयहिंद निवासी पठाकरका भी उसके साथ था। 11ः30 बजे दिन में एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो रास्ते में खड़े एक दर्जन से अधिक लोगों ने रोककर लाठी-डंडा से मारपीट की और जेब से आठ हजार रुपये नगद एवं गले से चांदी की जंजीर छीन ली। जयहिंद ने उसे बचाया। शोर करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
बताया कि घटना की रिपोर्ट करने पुलिस चौकी रानीपुर गया था। प्रार्थना पत्र लेने के बाद चौकी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और चिकित्सीय परीक्षण भी नहीं कराया। बंगरा स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराने के बाद सिर में गंभीर चोट आने पर उसे झांसी रेफर कर दिया गया। प्रार्थना पत्र में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की गई। वहीं, कोतवाली प्रभारी शिवकुमार सिंह ने बताया कि यह आपसी मारपीट का मामला है।