झांसी। इलाइट सीपरी मार्ग स्थित चंद्रशेखर तिराहे पर रेलवे से लीज पर ली गई लगभग आठ हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल जमीन को व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल करने के लिए बिना मानचित्र स्वीकृत कराये ही बेसमेंट का निर्माण कराया जा रहा था। पड़ताल के दौरान शुक्रवार को झांसी विकास प्राधिकरण की टीम ने निर्माण कार्य को रोककर नोटिस जारी किया था। नोटिस की अनेदखी कर निर्माण कार्य जारी होने पर जेडीए के अफसरों ने मौके पर पुुलिस भेजकर कार्य रुकवा दिया है।
चंद्रशेखर आजाद तिराहा के पास (एसी रेलवे के बंगले से सटी) रेलवे की जमीन का अनुबंध रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) ने घनाराम मल्टीप्लेक्स प्राइवेट लिमिटेड से किया है। आरएलडीए ने कंपनी को 78 हजार वर्ग फीट जमीन 45 साल के लिए लीज पर दी है। कंपनी द्वारा झांसी विकास प्राधिकरण से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ही निर्माण कार्य को शुरू कर दिया गया था। निर्माण कार्य शुरू होते ही झांसी विकास प्राधिकरण की टीम ने निर्माण कार्य पर रोक लगाते हुए विशन सिंह और विजय सरावगी को नोटिस जारी किया गया था। लेकिन निर्माण कार्य जारी होने पर जेडीए के अफसरों ने पुलिस को भेजकर निर्माण कार्य पर रोक लगा कर दोबारा से निर्माण कार्य नहीं करने की हिदायत दी है।
इस संबंध में झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित ने बताया कि लगभग आठ हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल को व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए निर्माण कराये जाने पर कंपनी के विशन सिंह एवं विजय सरावगी को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की अनदेखी कर निर्माण कार्य जारी था। मौके पर पुलिस को भेजकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया है।