झांसी। कोविड से बचाव में सहायक टीकाकरण के लिए अब सरकारी और अर्द्ध सरकारी विभाग अपने कार्य स्थल पर कैंप लगवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने विभाग में कार्यरत लोगों की सूची सीएमओ कार्यालय में देनी होगी।
कोविड की दूसरी लहर झेल चुके जनपद में कोरोना के मामले जरूर कम आने शुरू हो गए हैं लेकिन कोविड से खतरा अभी टला नहीं है। कोविड से बचाव में टीकाकरण करना ही एकमात्र बचाव है। पिछले पांच महीने से जनपद में चल रहे टीकाकरण में 10 जून तक 45 वर्ष से अधिक आयु के लगभग एक लाख 30 हजार से अधिक लोगों ने टीकाकरण करा लिया है। वहीं, 18 से 44 वर्ष की आयु के बीच के लगभग 94 हजार से अधिक लोगों ने टीकाकरण करा लिया है। अब सरकारी और अर्द्ध सरकारी विभाग भी अपने कार्य स्थल पर कैंप लगवाकर अपने कर्मचारियों का टीकाकरण करवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें 18 वर्ष से अधिक उम्र के लाभार्थियों की और 45 वर्ष से अधिक उम्र के लाभार्थियों की अलग से सूची बनाकर सीएमओ कार्यालय में संपर्क करना होगा।