बड़ागांव। हाइडलवर्ग माइसेम सीमेंट फैक्टरी के ठेकेदार की अस्थायी लेबर ने बुधवार सुबह फैक्टरी के गेट पर भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने काम बंद करने की धमकी भी दी।
खबर मिलने पर सीओ सदर व बड़ागांव थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। उन्होंने फैक्टरी प्रबंधन से बात की जिस पर मजदूरों को शीघ्र भुगतान का आश्वासन मिलने पर सभी कार्य करने फैक्टरी में चले गये।
मजदूरों का कहना था कि लॉकडाउन के चलते 24 मार्च से 19 अप्रैल तक फैक्टरी बंद रहने के कारण ठेकेदार ने उनका भुगतान नहीं किया। इस संबंध में महाप्रबंधक जी एन बी राव और एच आर प्रबंधक ने बताया कि उन्होंने अपने यहां कार्यरत सभी ठेकेदारों व सभी प्रकार के मजदूरों का भुगतान कर दिया है।
मजदूरों की सभी समस्याओं को कंपनी नियमानुसार सुनेगी तथा समुचित समाधान करेगी। साथ ही सभी ठेकेदारों को निर्देशित किया है कि वह मजदूरों की समस्याओं का अविलंब निस्तारण करें। स्थायी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सुरेश यादव ने बताया कि ये समस्या ठेकेदार की अस्थायी लेबर की है। इसे ठेकेदार शीघ्र हल करेंगे। ठकेकेदार दिलीप यादव ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान लगभग 300 मजदूरों का भुगतान बाकी है। जिसे प्रबंधन द्वारा उन्हें दे दिया गया है। वे शीघ्र सभी मजदूरों का भुगतान अधिकतम 15 जून के पहले कर देंगे।