झांसी। नवरात्र के अवसर पर विभिन्न पंडालों में विराजमान होने वाली देवी प्रतिमाओं का विसर्जन दशहरा पर लक्ष्मी ताल में होगा। इसके लिए लक्ष्मी ताल की सफाई व गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी व नगर आयुक्त ने लक्ष्मी ताल का निरीक्षण कर कार्य पर संतोष जताया।
जिलाधिकारी अनुराग यादव व नगर आयुक्त अरुण प्रकाश सोमवार पूर्वाह्न 11.30 बजे लक्ष्मी ताल पहुंचे। यहां दो जेसीबी मशीन द्वारा तालाब की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। डीएम ने कहा कि आवश्यकता पड़े तो संसाधन बढ़ाए जाएं, लेकिन हर हाल में नवरात्र समाप्त होने से पूर्व तालाब की सफाई कर उसमें स्वच्छ जल भरने का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। इस वर्ष लक्ष्मी तालाब में 713 मूर्तियों का विसर्जन होगा, पिछले वर्ष 403 मूर्तियां विसर्जित हुईं थीं। पिछले वर्ष की अपेक्षा लगभग दो गुनी मूर्तियों का विसर्जन होने के कारण तालाब का अधिक गहरा होना आवश्यक है। 22 अक्तूबर को दशहरा के अवसर पर मूर्तियों का विसर्जन होगा। अभी तालाब में काफी सिल्ट जमा है, जिसे साफ कराने के लिए तेजी से कार्य कराने की आवश्यकता है।
वहीं, निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर श्री दुर्गा उत्सव महा समिति के सदस्यों ने तालाब के जीर्णोद्धार की मांग की। उनकी मांग पर जिलाधिकारी ने बताया कि कुंड को अच्छा स्वरूप दिया जाएगा। तालाब के किनारे आम लोगों की सुरक्षा के लिए रेलिंग भी लगाई जाएगी। इस दौरान संयोजक विजय जैन, महामंत्री रामेश्वर मिश्रा, शुभम बेनर्जी, अशोक तिवारी, भुवनेश सिंह कुशवाहा आदि मौजूद रहे।