झांसी। सोमवार की शाम को मौसम बेहद सुहावना रहा। ‘अमर उजाला शॉपिंग फेस्टिवल’ में लोगों ने मौसम का भरपूर लुत्फ उठाते हुए जमकर खरीदारी की और झूलों तथा साज सज्जा की वस्तुएं खरीदीं। इनमें पंजाब के आभूषणों की लड़कियों व महिलाओं में खूब मांग रही। फेस्टिवल में रौनक देर रात तक बनी रही।
शाम को हुई बरसात के बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं। बिजली की आकर्षक रोशनी देने वाले उपकरणों से सजे फेस्टिवल में लोग शाम होते हुए भारी संख्या में उमड़ पडे़। किसी ने मुंबई की भेलपुरी का स्वाद लिया, तो किसी ने आगरा के चना गरम का मजा लिया। गीत संगीत की मधुर ध्वनियों के बीच महिलाओं व लड़कियों ने पंजाब के आभूषणों की खूब खरीद की। व्यापारी मोनू ने बताया कि अधिकांश ग्राहक कान की बॉली, नेकलस और दूल्हन सेट को खरीद रहे हैं। बिक्री रेंज 100 रुपये से शुरू है।
वहीं मेला में परिसर में लगे खान पान के स्टालों पर अन्य दिनों की अपेक्षा आज ज्यादा भीड़ रही। लोगों ने अपने परिवार के साथ राजस्थान के खाने के साथ ही रेस्टोरेंट में पिज्जा, बर्गर, कॉफी, सॉफ्टी और चाकलेट, बनाना सहित कई फ्लेवर में आइसक्रीम का स्वाद भी लिया। मेला में बच्चे झूलों पर झूलने को बेताब नजर आए। मेला परिसर देर रात तक गुलजार रहा। उल्लेखनीय है कि अमर उजाला शॉपिंग फेस्टिवल के प्रस्तुतकर्ता गोविंद मसाले हैं। जबकि, सह प्रायोजक पीसी ज्वैलर्स और रेडियो पार्टनर 92.7 बिग एफएम हैं।