झांसी। महिलाओें के लापता होने के मामले में अब गुमशुदगी नहीं अपहरण की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस को विवेचना करनी होगी। मुकदमा दर्ज कर तुरंत पुलिस अधिकारियों को जानकारी भी देनी होगी। बुधवार को पुलिस लाइन में झांसी, ललितपुर व जालौन के पुलिस अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक जयनारायण सिंह ने यह निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के ऐसे मामलों में मुकदमा दर्ज करने के बाद सूचना सीओ, एएसपी व एसएसपी को तुरंत जानकारी देनी होगी। मामले में लापरवाही बरतने वाले थानेदार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुकदमे के विवेचक की स्पष्ट रूप से जिम्मेदारी तय रहेगी। मुकदमा दर्ज होने के बाद विवेचक उसका हुलिया, फोटो व घटना का विवरण, लापता होने की परिस्थितियों की जानकारी एकत्रित करेंगे। महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों में पुलिस संवेदनशील बने।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करे। अनुसूचित जाति के मुकदमोें में तत्काल रिपोर्ट दर्ज की जाए। हर थानों पर महिला हेल्प डेस्क खोले जाने के लिए शासन से दो लाख रुपये भी मिले हैं। बैठक में आईजी सुभाष सिंह बघेल, एसएसपी दिनेश कुमार पी, ललितपुर एसपी कैप्टन एमएम बेग, जालौन एसपी यशवीर सिंह, एसपी देहात राहुल मिठास व एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी मौजूद रहे।
झांसी। अपर पुलिस महानिदेशक जयनारायण सिंह ने कहा कि दीपावली के मद्देनजर जिले की सुरक्षा व्यवस्था को पुलिस गंभीरता से संभालेगी। दिन व रात बाजारों में गश्त पुलिस गश्त पर रहेगी। गश्त में पुलिस अधिकारी शामिल रहेंगे। सादा कपड़ों में पुलिस तैनात रहेगी। आगामी विधानसभा परिषद चुनाव व पंचायत चुनाव को लेकर भी पुलिस अलर्ट है।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से बाजारों को कई सेक्टरों में बांटा जा रहा है। थानेदार से लेकर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा रही है। त्योहार के मद्देनजर विस्फोटक व अवैध तरीके से पटाखे ले जाने वालों पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी। कहा कि अवैध शराब का कारोबार भी न पनपने पाए। आबकारी टीम के साथ पुलिस कार्रवाई करे।