संवाद न्यूज एजेंसी
चिरगांव। ब्लॉक कार्यालय परिसर में मंगलवार को डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स (ताराग्राम) और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की ओर से उद्यमी मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य ग्रामीण एवं महिला उद्यमियों को उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन के लिए मंच उपलब्ध कराना और तकनीकी व नवाचारी उद्यमों को बढ़ावा देना रहा।
मेले में 18 से अधिक स्टॉल लगाए गए। इनमें स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार मसाले, दाल, दलिया, तेल, कॉस्मेटिक उत्पाद, गोबर पेंट, बुंदेली कला और हस्तकला सहित स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इसके अलावा मसाला पैकेजिंग यूनिट, ई-रिक्शा, एलईडी शॉप और कियोस्क सुविधा केंद्र जैसे तकनीकी एवं नवाचारी उद्यम भी आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपायुक्त स्वत: रोजगार सुनील कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे मेले ग्रामीण उद्यमियों को ग्राहकों से जुड़ने और नए बाजार तलाशने का अवसर देते हैं।
इस दौरान बीडीओ रामकुमार वर्मा, सहायक विकास अधिकारी अमिताभ कुमार, ग्राम प्रधान सचेंद्र कुमार तिवारी, विवेक तिवारी, ब्लॉक मिशन प्रबंधक आजाद कुमार, कल्पना सिंह और अमित जैन मौजूद रहे। ताराग्राम से आश्रय लामा, प्रमोद भालेराव, द्रगपाल यादव, रीना पाल, शशिकांत शर्मा आदि का मेले में सहयोग रहा।