संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। ग्राम कुचनपुरा में सोमवार को एक महिला ने अज्ञात कारणों से खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरी महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई। गंभीर रूप से झुलसी महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है।
परिजनों के अनुसार, कुचनपुरा निवासी धर्मेंद्र की 50 वर्षीय पत्नी नर्मदा ने घर के अंदर अज्ञात कारणों से अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली। कुछ ही देर में घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख पड़ोसी दौड़ पड़े। उन्होंने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया और महिला को बाहर निकाला।
घटना के समय महिला घर में अकेली थी। उसके बेटे ने बताया कि वह स्कूल में प्रवेश संबंधी कार्य से बाहर गया था, जबकि उसके पिता भी किसी काम से घर से बाहर थे। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर वह तत्काल घर पहुंचा।
परिजन और स्थानीय लोग महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। कोतवाल मुकेश कुमार सोलंकी का कहना है कि अभी कोई शिकायत नहीं मिली नहीं है। मामले की जांच की जाएगी।