झांसी के मोठ थाने में तैनात भोगनीपुर निवासी नाजमा खातून। (फाइल फोटो) सांस की नली में मटर फंसने से ?
- फोटो : MOTH
झांसी/मोंठ। मोंठ की पंजाब नेशनल बैंक शाखा में ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल की खाना खाते वक्त सांस की नली में कथित रूप से मटर का दाना फंसने से हालत बिगड़ गई। मोंठ सीएचसी में हालत में सुधार न होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां उपचार शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
नाजमा खातून (50) मोंठ थाने में तैनात थीं। कुछ दिनों से उनको पीएनबी शाखा में ड्यूटी पर लगाया गया था। बुधवार की दोपहर दो बजे वह बैंक में खाना खा रहीं थीं। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे गश खाकर कुर्सी से नीचे गिर पड़ीं। थाने पर सूचना पहुंचते ही सब इंस्पेक्टर पिंकी यादव और सिपाही अनुष्का मौके पर पहुंचीं। वहां नाजमा जमीन पर गिरी हुई थीं। पास में आलू मटर की सब्जी, रोटी और टिफिन पड़ा हुआ था। वे नाजमा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गईं। वहां, ड्यूटी पर मौजूद डॉ.धीरेंद्र गुप्ता ने उन्हें देखा। उन्होंने बताया कि सांस नली में कुछ फंसने की वजह से इन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। ऑक्सीजन लेवल भी नहीं बढ़ रहा है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ.सुमित मिसुरिया ने बताया कि हालत में सुधार न होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सब इंस्पेक्टर पिंकी और सिपाही अनुष्का उन्हें सरकारी गाड़ी से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचीं। ईएमओ डॉ.एमपी सिंह ने बताया कि साथी पुलिसकर्मी कांस्टेबल नाजमा को लेकर आए थे। उन्होंने ही बताया कि खाना खाते वक्त मटर का दाना फंसने से नाजमा की तबीयत बिगड़ गई। इलाज शुरू करने से पहले ही उनकी मौत हो गई। डॉ.सिंह ने कहा कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। नाजमा की मौत की खबर सुनते ही पुलिस स्टाफ में शोक की लहर दौड़ गई। कानपुर देहात के ग्राम अहरोली मोड़ मीरपुर थाना भोगनीपुर निवासी नाजमा 17 अगस्त 2020 को मोंठ थाने में मुख्य आरक्षी के रूप में तैनात हुई थीं।