अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कुंभनगरी से गुजरात लौट रही तीन महिला श्रद्धालु को ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे के पास तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। शनिवार सुबह एक की मौत हो गई। अन्य दोनों घायलों की हालत अब सामान्य है।
गुजरात के कच्छ निवासी नीना बेन (40) पत्नी जयंती लाल अपनी नंद प्रवीणा एवं तनिवा समेत अन्य के साथ कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गई थीं। परिजनों ने बताया कि कुंभ स्नान के बाद वह लोग काशी गए थे। काशी से प्रयागराज के रास्ते लौट रहे थे। शुक्रवार रात खाना खाने के लिए झांसी में ठहरे। ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे स्थित एक ढाबे के पास गाड़ी खड़ी कर खाना खाने गए। खाने के बाद नीना दोनों नंद को लेकर सड़क पार कर रही थीं। उसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में नीना गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रवीणा एवं तनिवा भी घायल हो गईं। हादसे के बाद तीनों को अस्पताल ले जाया गया। कुछ देर बाद नीना की मौत हो गई। सीओ राजवीर सिंह के मुताबिक पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।