झांसी। सिटी बसों में चलने वाले परिचालक राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसकी शिकायतें भी परिवहन अफसरों के पास पहुंच रही हैं। सोमवार देर रात चेकिंग टीम ने चार ऐसे परिचालकों को पकड़ा जिन्होंने सवारियों से पैसे तो ले लिए थे मगर टिकट नहीं बनाया था। टिकट का पैसा अपनी जेब में रख लिया। निरीक्षक दल ने इनकी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
पकड़े गए सिटी बस के परिचालकों में शेखर गिरी, मनीष रैकवार, रणधीर सिंह यादव, गौरव सरोनिया शामिल हैं। हालांकि परिवहन अफसरों का कहना है कि मामला आज पकड़ में आया है, लेकिन पिछले कई दिनों से ये लोग राजस्व को हानि पहुंचा रहे थे। उधर, परिवहन निगम के एसएम संतोष कुमार के मुताबिक चारों परिचालकों को ड्यूटी से हटा दिया गया है। इन पर विभागीय कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जाएगा।