झांसी। महानगर के दरीगरान स्थित सिजरिया कॉलोनी में पानी की पाइपलाइन नहीं होने के कारण जल संकट गहरा गया है। भूगर्भ जल स्तर नीचे चला जाने के कारण इलाके की बोरिंग पूरी तरह से सूख गई हैं। जल संस्थान की ओर से टैंकरों की आपूर्ति भी बंद कर दी गई है। जिससे पीने के पानी के लिए भी लोगों को दूरदराज के इलाकों में जाना पड़ रहा है। पानी की पाइपलाइन के लिए कई बार अधिकारियों से गुुहार लगाई गई लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नही लाई गई है।
कॉलोनी के भीतर व बाहर लगभग दो हजार से अधिक आबादी निवास करती है। गर्मी में तेजी होते ही हर साल इलाके के अधिकांश हैंडपंप सूख जाते हैं। पानी की पाइपलाइन नहीं होने के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए अन्य इलाकों में जाकर पानी का इंतजाम करना पड़ता है। लगभग दस साल से इलाके के लोगों द्वारा पानी की पाइपलाइन को डलवाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियाें के साथ ही जल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया जा चुके हैं। लेकिन आज तक कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई हैं। जिसका खमियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जल संस्थान की ओर से टैंकरों से पानी की आपूर्ति बंद किए जाने के कारण स्थानीय लोग अब निजी टैंकरों के सहारे हैं।
पानी की पाइपलाइन नही होने के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए भी दूसरे इलाकों में जाना पड़ रहा है। जिससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सलीम अली, स्थानीय नागरिक
इलाके के लोगों के लिए पानी एक मिशन हो गया है। पाइपलाइन नही होने के कारण सुबह, दोपहर, शाम व रात में लोग पानी के इंतजाम के लिए भटकते रहते हैं।
फिरोज खान, स्थानीय नागरिक
पाइपलाइन नहीं होने के कारण पूरा इलाका भूगर्भ जल पर ही आधारित है। गर्मी में जल स्तर घट जाने के कारण पूरे इलाके में पानी की काफी किल्लत हो जाती है।
मुजीबुर्रहमान अंसारी, स्थानीय नागरिक
हर साल इलाके के लोगों को पानी की समस्या से रूबरू होना पड़ता है। पानी वाली धर्मशाला खाली होने के कारण इस साल समस्या और भी विकराल हो गई है।
मोहम्मद हफीज, स्थानीय नागरिक