कोरोना काल और ये हालः बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों ने विद्यार्थ?
- फोटो : REPORTERS
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा संस्थान के शिक्षक, विद्यार्थियों ने फोटो सेशन के दौरान कोरोना काल में मानकों को ताक पर रख दिया। एक साथ 50 से अधिक लोगों ने पास-पास खड़े होकर बिना मास्क पहने फोटो खिंचवाई, जो खुद उनके और दूसरों के लिए घातक साबित हो सकती है।
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के शारीरिक शिक्षा संस्थान में मंगलवार को अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं की प्रायोगिक परीक्षा थी। प्रायोगिक परीक्षा खत्म होने के बाद शिक्षक और छात्र-छात्राएं फोटो खिंचवाने के लिए विभाग के बाहर आ गए। 50 से ज्यादा लोगों ने सटकर खड़े होकर फोटो खिंचवाई। कोरोना काल में सोशल डिस्टेंसिंग की तो धज्जियां उड़ी हीं, वहीं एक-दो को छोड़ दें तो सभी लोग बिना मास्क लगाए खड़े रहे। जरा सोचिए कि उच्च शिक्षित वर्ग का ये हाल है, तो बाकियों का क्या होगा। यदि इनमें से कोई भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित हुआ तो वह आसपास के कई लोगों को पॉजिटिव कर सकता है। वो लोग अपने घरों में जाकर दूसरों में यह वायरस ट्रांसफर कर सकते हैं। कोरोना की चेन न टूटने के पीछे यही सब कारण भी जिम्मेदार हैं। वहीं, विभाग के शिक्षकों ने सफाई दी कि सभी लोग मास्क लिए हुए थे। चूंकि, अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राएं यादगार फोटो अपने पास रखना चाहते थे, इसलिए सिर्फ फोटो खिंचने के दौरान चंद सेकंड के लिए मास्क उतारा था।