झांसी। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों का थानों, पुलिस लाइन व जिला पुलिस कार्यालय में प्रवेश प्रतिबंधित होगा। सबसे पहले निशाने पर पुलिस कर्मी होंगे, जिनके चालान कटेंगे। ट्रिपलिंग करने पर सीधे वाहन सीज होंगे। बेहतर होगा कि लोग हेलमेट लगाना शुरू कर दें। उक्त बातें बृहस्पतिवार की शाम को एसएसपी का पदभार ग्रहण करने के बाद मनोज तिवारी ने कहीं।
जौनपुर निवासी मनोज तिवारी वर्ष 2003 सिक्किम कैडर के आईपीएस हैं। वह दिल्ली, सिक्किम के बाद तीन दिसंबर 2014 से उत्तर प्रदेश में तैनात हैं। सिक्किम के राज्यपाल के सुरक्षा अधिकारी (एडीसी) भी रह चुके हैं। प्रदेश में उनकी तीसरी तैनाती है।
इससे पूर्व औरैया के एसपी व गोरखपुर पीएसी में थे। उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरत के हिसाब से पुलिसिंग की रणनीति बनाई जाएगी। अभी से अधीनस्थों को निर्देश दिए जाते हैं कि थानों, पुलिस लाइन व जिला पुलिस कार्यालय में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को प्रवेश नहीं करने दिया जाए। यदि कोई प्रवेश करता है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सबसे पहले बिना हेलमेट वाहन चलाने पर पुलिस कर्मियों के चालान काटे जाएं। जनता के जीवन की रक्षा करना उनका कर्तव्य है, इसलिए हेलमेट के बिना वाहन नहीं चलाने देंगे। ट्रिपलिंग करने पर सीधे वाहन को सीज किया जाएगा। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतरी से सुधारा जाएगा क्योंकि झांसी से देश के प्रमुख राजमार्ग गुजरते हैं।
उन्होंने कहा कि किरायेदारों का प्रमुखता से सत्यापन कराया जाएगा। वाहन चोरी के मुद्दे पर कहा कि वाहन चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। थानों व पुलिस अधिकारियों के सामने आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर निराकरण किया जाए।