झांसी। बिजली कटौती से परेशान महानगर वासियों के लिए ये खबर अच्छी है। अगले माह से शहर को 22 घंटे बिजली आपूर्ति मिलेगी। बिजली विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। सभी सब स्टेशनों व लाइनों को दुरुस्त करने का काम तेजी से चल रहा है। वहीं, हाईटेंशन लाइनों से पेड़ की डालियां व पत्ते हटाए जा रहे हैं।
शासन की मंशा है कि प्रदेश के हर शहर को वर्ष 2016 से 24 में 22 घंटे बिजली मिलने लगे। इस आदेश को अक्तूबर माह से अमल में लाने के लिए बिजली विभाग तैयारियों में जुट गया है। अभी तक विभाग ने मुन्नालाल, जेल चौराहा, रानी महल, गल्ला मंडी, सीपरी बाजार, पुलिया नंबर नौ, प्रेमनगर, नंदनपुरा, सूती मिल, पंचवटी, हंसारी, बिजौली व मेडिकल सब स्टेशन यार्ड में मरम्मत व रखरखाव के अधिकांश काम पूरे कर लिए हैं। हाइटेंशन लाइनों में व्यवधान बनने वाले पेड़ की डालियों व पत्तों को हटाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अगर सब ठीक रहा तो अक्तूबर से शहरवासियों को 22 घंटे बिजली मिलने लगेगी।
साठ हजार मीटर लगे घर के बाहर
पावर कारपोरेशन अफसरों का मानना है कि हर गली में एरियर बंच कंडक्टर केबल व हर घर के बाहर मीटर लगाकर ही उपभोक्ताओं तक 22 घंटे बिजली मुहैया कराई जा सकती है। इसी पहल के तहत पिछले दो साल से झांसी महानगर में बंच कंडक्टर व घर के बाहर मीटर लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है। अभी तक महानगर में साठ हजार मीटर घर के बाहर लगाए जा चुके हैं और अस्सी फीसदी क्षेत्रों में एरियर बंच कंडक्टर डाला जा चुका है।
चालू हुई सूती मिल हाइटेंशन लाइन
दुनारा ट्रांसमिशन पावर हाउस से सूती मिल व उन्नाव गेट पंचवटी सब स्टेशन तक एक ही खंभे पर दो हाइटेंशन लाइनें आती हैं, इनमें सूती मिल हाइटेंशन लाइन लंबे समय से बंद चल रही थी और पंचवटी लाइन की मदद से ही सूती मिल सब स्टेशन को चलाया जा रहा था। संबंधित कंपनी ने बंद पड़ी लाइन को दुरुस्त कर लिया है। इससे अलग-अलग लाइनों से पंचवटी व सूती मिल सब स्टेशनों को करंट मिलना शुरू हो गया है।
आठ ट्राली ट्रांसफार्मर तैयार
विद्युत विभाग ने ट्रांसफार्मर फुंकने की स्थिति में संबंधित क्षेत्र में अधिक समय तक करंट गुल न रहे, इसके लिए आठ ट्रांसफार्मर ट्राली तैयार कर ली हैं। इनमें खंड एक व खंड दो को चार-चार ट्रांसफार्मर ट्रालियां उपलब्ध करा दी गई हैं।
नवरात्र पर लेना होगा अस्थायी संयोजन
नवरात्र के दौरान देवी प्रतिमाओं के पंडाल को रोशन करने के लिए विद्युत विभाग अस्थायी संयोजन देगा। महानगर में हर साल पांच सौ से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं की छोटे-बड़े पंडालों में स्थापना की जाती है। पंडाल स्थल व मेले की दुकान में कनेक्शन लेने के लिए तीन सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान करना होगा।
‘नवरात्र, दशहरा व दीपावली के मद्देनजर अक्तूबर से 22 घंटे बिजली देने की तैयारी चल रही है। खासकर उन फीडरों को विशेष ध्यान रखा जाएगा, जहां शत प्रतिशत मीटर घर के बाहर लगा दिए गए हैं।’
राकेश कुमार गुप्ता. अधीक्षण अभियंता ।