नगर के दमेले स्टेडियम के विशाल परिसर में मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डॉ. रश्मि आर्य की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में समाजवादी व कांग्रेस का गठबंधन प्रदेश में प्रचंड बहुमत में सरकार बनाएगा।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनता के सामने सपा सरकार में किए गए विकास कार्यों को रखकर कहा कि उनके कार्यकाल में सरकार द्वारा सूखा ग्रस्त किसानों के कर्ज माफ, गरीब परिवारों को समाजवादी राहत सामग्री पैकेट का वितरण, समाजवादी पेंशन में वृद्धि, लैपटॉप वितरण, कन्या विद्या धन योजना, लोहिया आवास योजना, 100 नंबर योजना, 108 एम्बूलेंस योजना सहित तमाम चल रहीं सरकारी योजनाओं की याद दिलाते हुए कहा कि प्रदेश में विधानसभा का चुनाव जीत कर सरकार बनने के बाद योजनाओं को और बेहतर व कारगर ढंग से लागू करने प्रत्येक समाज व हर वर्ग व पात्र परिवार को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सपा- कांग्रेस गठबंधन से लोगों में फैले भ्रम को दूर करते हुए कहा कि देश के दो युवा शक्ति का गठबंधन प्रदेश में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा। उन्होंने उपस्थिति जन समूह को लुहावने सपने व कोरी घोषणाएं करने वाली पार्टियों व सरकारों के झांसे में न आने की अपील की है। उन्होंने विकास के नाम पर समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान कर मजबूत सरकर बनाने की अपील की है। कार्यक्रम में प्रत्याशी डॉ. रश्मि आर्य ने कहा कि जब जब समाजवादी सरकार बनी है प्रदेश का विकास व गरीब, किसान, मजदूरों का भला हुआ है। पिछले चुनाव में जनता द्वारा मुझे जिताने पर मैने पूरी लगन व निष्ठा से क्षेत्र का विकास किया है। आने वाले समय में भी आप सभी का आशीर्वाद मिलने पर बेहतर विकास होगा। कोरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश आर्य ने दलबदलुओं व मौका परस्त लोगों से सावधान रहने की अपील की है। जनसभा में सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल पाल सिंह, एमएलसी रमा निरंजन, पूर्व एमएलसी श्याम सुंदर सिंह पारीछा, रामजीवन यादव, संजू यादव, हाजी तुफैल व दीपक कठिल आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हरिशचंद्र आर्य, जिला पंचायत सदस्य हेमंत सेठ, रामेश्वर पटेल, रामदास पटेल, पन्नालाल पटेल, अशोक गुप्ता, सतीश चतुर्वेदी, सुरेश नगाइच, लोकेंद्र सिंह झांकरी, महेंद्र रावत, बबलू परिहार, राजू पायक व जितेंद्र श्रीवास सहित हजारों लोग उपस्थित रहे। संचालन रामाधार सिंह यादव ने किया व आभार डॉ. रश्मि आर्य ने व्यक्त किया।
सभा में मऊरानीपुर को जिला बनाने की रही गूंज
मऊरानीपुर। जन सभा के दौरान उपस्थिति जन समूह ने एक स्वर में जिला बनाने के नारे लगाए जिस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक एवं सपा प्रत्याशी डॉ. रश्मि आर्य को भारी मतों से जितायें उसके बाद आपकी भावनाआें को विधायक अपनी जिद से पूरी करा लेगी।