संवाद न्यूज एजेंसी
टहरौली। ग्राम बेंदा में घर के सामने बने बाड़े में सो रहे किसान पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना से ग्रामीणों में दहशत है।
जानकारी के अनुसार, बेंदा निवासी जमुना प्रसाद (51) पुत्र मनीराम खेती-किसानी और मजदूरी करते हैं। ग्यारह अक्तूबर की रात करीब 1:20 बजे वह घर के सामने बने बाड़े में सो रहे थे। इसी दौरान जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बचाया। हमले में किसान के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं।
परिजनों और ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद घायल किसान के पुत्र राहुल ने सोमवार को उपजिलाधिकारी टहरौली को प्रार्थना पत्र सौंपकर क्षेत्र में जंगली जानवरों के हमलों पर अंकुश लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।