पत्नी को था कैंसर, पति ने लगा ली फांसी
झांसी। पत्नी की बीमारी से तंग आकर बृहस्पतिवार को थाना प्रेमनगर इलाके में रहने वाले अजय साहू (44) ने कबाड़ की दुकान में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।
प्रतापपुरा निवासी स्व. देवी साहू के पुत्र अजय साहू हाट के मैदान में जनरल स्टोर की दुकान खोले थे। उनकी पत्नी लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रही हैं। लगातार इलाज होने के कारण अजय परेशान चल रहे थे। बृहस्पतिवार को वे दुकान पर थे। पास में ही कबाड़ की दुकान है। रात में घर न आने के बाद कबाड़ की दुकान में जाकर उन्होंने एंगिल पर रस्सी के सहारे लटककर फांसी लगा ली। सुबह घर न आने पर परिजन देखने दुकान पहुंचे, जहां वे वहां नहीं थे। इसी दौरान कबाड़ की दुकान पर उनका शव लटका देख लोग सहम गए। खबर मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया।
पत्नी से विवाद के चलते फांसी लगाकर दी जान
झांसी। थाना प्रेमनगर स्थित गढिया गांव में सोहन सिंह परिहार (29) ने भी फांसी लगाकर जान दे दी।
गढिया गांव निवासी शिवराज सिंह के पुत्र सोहन सिंह परिहार का पत्नी से विवाद हो गया। इसके चलते उन्होंने शुक्रवार सुबह कमरे में लगे पंखे के सहारे फांसी लगा ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा।