झांसी। प्रयागराज-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के नतीजे मंगलवार को घोषित होंगे। सुबह आठ बजे से बुंदेलखंड महाविद्यालय (बीकेडी) के कोठारी हॉल में मतगणना शुरू होगी। इसके लिए 14 टेबल लगाई गई हैं। मतगणना 27 चरणों में पूरी होगी। रिजर्व सहित 270 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है।
स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्तूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी और फतेहपुर में मतदान हुआ था। निर्वाचन क्षेत्र के 2,64,233 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,09,392 ने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस तरह कुल 41.40 फीसदी मतदान हुआ था।
मतदान के बाद विभिन्न जिलों की मतपेटिकाएं बीकेडी कॉलेज के कोठारी हॉल स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचाई गईं। अब मंगलवार को मतगणना के बाद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। मतगणना तीन पालियों में संपन्न कराई जाएगी। प्रत्येक टेबल पर चार मतगणना कार्मिक तैनात रहेंगे।
13 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला
चुनाव में भाजपा के अशोक कुमार राठौर और सपा के डॉ. मान सिंह यादव प्रमुख प्रत्याशी हैं। इनके अलावा केशवकांत शर्मा, दीपक कुमार द्विवेदी, देवेश कुमार सिंह, मान सिंह यादव, रमेश चंद्र दुबे, राज कुमार, राहुल कनकने, विष्णु कुमार, शिवशंकर पटेल, शैलेंद्र कुमार और सारिका भी मैदान में हैं।
सुबह छह बजे पहुंचें मतगणना कार्मिक : आयुक्त
बीकेडी कॉलेज परिसर में सोमवार को रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने मतगणना की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने माइक्रो ऑब्जर्वर, गणना सुपरवाइजर और गणना सहायकों को पूरी सतर्कता के साथ मतगणना संपन्न कराने के निर्देश दिए। सभी मतगणना कार्मिकों को मंगलवार सुबह छह बजे तक मतगणना स्थल पर पहुंचने को कहा गया है।
एजेंटों के सामने खोली जाएंगी मतपेटिकाएं
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि मतपेटिकाओं की सील खोलने से पहले गणना एजेंटों को दिखाकर प्रमाणपत्र पर उनके हस्ताक्षर कराए जाएं। इसके बाद मतपत्रों की गिनती कर उनकी संख्या का फॉर्म-16 से मिलान किया जाए। मतपत्रों के बंडल बनाकर रिटर्निंग ऑफिसर की टेबल पर भेजे जाएं। संख्या का मिलान होने के बाद गणना एजेंटों के हस्ताक्षर भी कराए जाएं।
मतपत्रों को मिलाने के बाद अवैध मतपत्रों को गणना एजेंटों को दिखाया जाए। वैध मतपत्रों को उनमें दर्ज प्रथम वरीयता के आधार पर वर्गीकृत कर प्रत्याशियों की अलग-अलग ट्रे में रखा जाए। मतपत्रों पर दर्ज वरीयता गणना एजेंटों को भी दिखाई जाए, ताकि मतगणना की प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक होंगे पुरस्कृत
सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि मतगणना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को पुरस्कृत किया जाएगा। मतगणना परिसर को नो-स्मोकिंग जोन घोषित किया गया है। परिसर में ज्वलनशील या प्रतिबंधित वस्तुएं लाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने गणना एजेंटों से निर्धारित प्रारूप पर पूरा नाम और पार्टी का नाम लिखवाकर हस्ताक्षर कराने के निर्देश भी दिए। मतगणना से संबंधित किसी भी शंका का तत्काल समाधान किया जाएगा।
बैठक में एसएसपी विकास कुमार, प्रभारी कार्मिक रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, संयुक्त मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, अपर आयुक्त कुंवर पंकज, एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।