झांसी। संजय सिंह हत्याकांड का साजिश कर्ता धर्मेंद्र परिहार खुद अपने ही बुने जाल में फंस गया। पूछताछ के दौरान उसने घटना से जुड़ी तमाम अहम बातें पुलिस के सामने उगलीं। धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि शक के दायरे में आने से बचने के लिए वह संजय को लेकर अस्पताल पहुंचा था लेकिन, उसकी यह चाल कामयाब नहीं हो सकी। वहां उसकी गतिविधियों ने पुलिस के भीतर शक भर दिया। पुलिस ने जब उससे मोबाइल मांगा, तब उसे देने में भी उसने आनाकानी की। इसके बाद धर्मेंद्र से ही पुलिस ने छानबीन शुरू की। कड़ी से कड़ी जोड़ने पर आखिरकार वह मास्टर माइंड निकला।
पूछताछ में धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि संजय होटल कारोबारी शिवम यादव के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलिंग करता था लेकिन, उसके कई सौदों को उसने हड़प लिया। इस वजह से धर्मेंद्र और नया गांव निवासी अजय यादव भी काफी नुकसान हुआ। संजय ने पाल कॉलोनी में एक जमीन पर कब्जा करने के लिए अजय के दोस्त यादवेंद्र को जेल भिजवा दिया। अजय के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की कोशिश कर रहा था। उसने शिवानी होटल के पीछे नजूल की करीब 1500 स्क्वायर फीट जमीन पर कब्जा जमा लिया। गुरसराय में 5000 वर्गफीट जमीन पर भी कब्जा कर लिया था।
जितेंद्र ने मुहैया कराई थी पिस्टल
हत्या की योजना तैयार होने के बाद देशी पिस्टल का इंतजाम जितेंद्र यादव उर्फ जीतू ने किया था। जीतू ने कई साल पहले इसे 20 हजार रुपये में झांसी के एक व्यक्ति से खरीदा था। बृहस्पतिवार को वारदात की शाम धर्मेंद्र ने संजय से मिलने की बात कही थी। खाना खाने के लिए पहुंचने पर संजय ने फोन करके उसे बुला लिया। धर्मेंद्र अपनी थार गाड़ी से बीकेडी चित्रा चौराहा होते हुए मेड किचन रेस्तरां के अपोजिट साइट आया। यहां कार खड़ी करके पैदल रेस्तरां तक गया। यहां से उसने हुसैन और जितेंद्र को सटीक लोकेशन दी। हुसैन हीरो मोटर साइकिल से और अजीम अपनी सफेद रंग की कार से वहां मौजूद थे। हुसैन को इशारा करके वह भीतर चला गया। करीब 9:30 बजे हुसैन पिस्टल के साथ अंदर आया। गोली मारने के बाद जितेंद्र के साथ भाग निकला।
तीनों वांछितों को तलाश रही पुलिस
हत्याकांड में वांछित जितेंद्र, हुसैन और अजीम की तलाश में सोमवार को भी पुलिस टीम जुटी रही। पुलिस टीम ने कई जगह दबिश दी। एक पुलिस टीम दतिया में भी उनकी तलाश कर रही है हालांकि आज पुलिस टीम को कोई कामयाबी नहीं मिल सकी। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति का कहना है कि वांछितों की तलाश में अलग-अलग टीम लगाई गई है। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।