आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने आरोपी को पीटा, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
शहर के मोहल्ला आजादपुरा में देर रात हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गाली गलौज करने से मना करने गए तीन भाइयों पर नशे में धुत्त युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। इससे तीनों घायल हो गए और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिससे वह भी चोटिल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
शहर के मोहल्ला आजादपुरा में बुधवार की देर रात मोहल्ले में शराब के नशे में धुत्त राकेश उर्फ शक्तिमान गाली गलौज कर रहा था। इस पर मोहल्ले के ही तीन भाई पुष्पेंद्र जैन (47) व चंद्रेश जैन (40) और आनंद कुमार जैन (37) घर से निकलकर राकेश के पास गए और उसे गाली गलौज करने से मना करने लगे। इस बीच दोनों के बीच विवाद हो गया। इस पर आरोपी राकेश उर्फ शक्तिमान अपने घर में पहुंचा और यहां से हाथ में तमंचा लेकर बाहर निकलकर फायर झोंक दिया। फायर होने से गोली के छर्रे चंद्रेश के हाथ व पेट में लगे। जबकि बगल में खड़े दूसरे भाई पुष्पेंद्र जैन और आनंद के पैर में छर्रे लगे और तीनों भाई घायल हो गए।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग व परिजन मौके पर पहुंचे व घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं आक्रोशित मोहल्ले के लोगों ने आरोपी राकेश उर्फ शक्तिमान की पिटाई कर दी। इससे वह चोटिल हो गया। इधर सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची व आरोपी को हिरासत में लेकर उसे भी उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई है।
-
आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने का केस दर्ज
घटना को लेकर पीड़ित आनंद कुमार जैन ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि 22 जनवरी की देर रात को वह अपने परिवार के साथ घर पर थे। उसके मोहल्ले का निवासी राकेश उर्फ शक्तिमान पुत्र कल्लूू उर्फ जगदीश कुशवाहा शराब के नशे में उसके घर के बाहर मोहल्ले के लोगों से गाली गलौज करते हुए चिल्ला रहा था। वह अपने भाई पुष्पेंद्र व चंद्रेश के साथ बाहर निकला और गाली देने से मना किया। इस पर राकेश घर के अंदर गया और तमंचा लेकर बाहर निकला। गाली गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। इससे चंद्रेश को हाथ व पेट, पुष्पेंद्र और उसके पैर में छर्रे लगे। मोहल्ले के लोगों ने बीच बचाव किया तो धक्का लगने से राकेश उर्फ शक्तिमान गिर गया। पुलिस ने आरोपी राकेश उर्फ शक्तिमान के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शराब के नशे में दो पक्षों में विवाद हुआ है। इसमें एक पक्ष के शक्तिमान ने तमंचे से फायर कर दिया था। दूसरे पक्ष के दो लोगों को छर्रे लगे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई। मौके से ही आरोपी शक्तिमान को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ कर आगे की कार्रवाई अमल में लायी जा रही है। -अभय नारायण राय, क्षेत्राधिकारी सदर