चिरगांव। सहकारी समिति पर खाद होने के बाद भी वितरित न करने पर किसानों ने जमकर हंगामा काटा। उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस ने किसानों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। अधिकारियों से बात कर किसानों को आश्वासन दिया कि मंगलवार को खाद का वितरण किया जाएगा।
कृषक सेवा सहकारी समिति पर शनिवार को एक ट्रक डीएपी आई थी। सचिव ने किसानों से सोमवार को खाद के वितरण की बात कही थी। सुबह पांच बजे से ही किसानों की भीड़ सहकारी समिति पर लगनी शुरु हो गई। लेकिन जब बारह बजे तक समिति का ताला भी नहीं खुला तो किसानों का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने दोपहर एक बजे सड़क पर आकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा उन्होंने अधिकारियाें से बात करते हुए जाम खुलवाया।
समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पाराशर ने बताया कि पांच सौ बोरी खाद समिति पर उपलब्ध है। सचिव की तबियत बिगड़ जाने के कारण सोमवार को समिति बंद रही और वितरण नहीं किया जा सका। अब खाद का वितरण मंगलवार को किया जाएगा।
किसानों का कहना है कि सहकारी समिति पर खाद मिल नहीं रही है। मजबूरन वे बाजार जाकर निजी दुकानों से खाद खरीदने को मजबूर हैं। निजी दुकानदार खाद लाकर मनमाने दामों पर बेच रहे हैं।