झांसी। पीडब्लूडी के नकारेपन और अनदेखी से ग्वालियर रोड रेलवे क्रासिंग की सड़क अब बदतर स्थिति में पहुंच गई है। यहां से गुजरना अब खतरे से खाली नहीं है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सवाल है कि क्या पीडब्लूडी के अभियंता और अफसर यहां किसी बड़े हादसे के इंतजार में हैं?
बीकेडी से पालीटेक्निक कालेज की ओर जाते समय बीच में बनी रेलवे क्रासिंग को पार करते ही सड़क उबड़-खाबड़ हो जाती है। गड्ढों से बचने के लिए गाड़ियां सड़क के नीचे कच्ची जमीन पर उतर आती हैं, लेकिन यहां भी उनकी परेशानी कम नहीं होती। यहां आसपास के पानी की निकासी के लिए नाली काट दी गई है, जिसका पानी जमा होकर कीचड़ में तब्दील हो गया है। इतना ही नहीं, सड़क से सटकर पान की गुमटी के पास एक तकरीबन पांच फुट गहरा गड्ढा भी है, जिसे आसपास के पानी को जमा करने को बनाया था।
यह गड्ढा कीचड़ से लबालब है। तीन दिन से हो रही बारिश से स्थिति और भी खराब हो गई है। गड्ढों का आकार बढ़ गया है। बरसात में सड़क पर पानी जमा होने से गड्ढे नजर नहीं आते। यह स्थिति वाहन सवारों के लिए खतरनाक है। आए दिन यहां वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बीते बुधवार की शाम एक लोड ऑटो का एक पहिया गड्ढे में चला गया और अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत यह रही कि चालक खैलार के रमेश को मामूली ही चोटें आईं, लेकिन आटो क्षतिग्रस्त हो गया।
यह सड़क पीडब्लूडी की है। विभाग के अधिशासी अभियंता एके जैन को इस समस्या से कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। वह देख रहे हैं, कहकर अनदेखी करते रहे। उनके इस लापरवाह रवैये का खामियाजा शहरियों को भुगतना पड़ रहा है।
यह हैं जिम्मेदार
-------------
पीडब्लूडी एक्सईएन एके जैन
अधिशासी अभियंता एके जैन ने सड़क के इस टुकड़े को दो-तीन दिन में दुरुस्त करने का एक माह पहले आश्वासन दिया था लेकिन कुछ नहीं किया। इनकी लापरवाही का नतीजा है कि सड़क अब खतरनाक स्थिति में पहुंच गई है।
नगर विधायक रवि शर्मा
नगर विधायक रवि शर्मा को घर जाने के लिए इसी खतरनाक रास्ते से होकर गुजरते हैं और उन्हें इसका अहसास भी है लेकिन अभी तक इसके समाधान के लिए कुछ नहीं किया। अब कह रहे हैं कि वह पीडब्लूडी अफसरों से बात करेंगे और सड़क दुरुस्त करवाएंगे।
गन्ने के रस वाला
गर्मी शुरू होते ही यहां सड़क किनारे एक व्यक्ति ने गन्ने के रस का कारोबार शुरू कर दिया था। दुकान से निकलने वाले पानी को ठिकाने लगाने के लिए उसने सड़क किनारे पांच फुट गहरा गड्ढा खोद दिया था। ओवरफ्लो होने पर इस गड्ढे के पानी को निकालने के लिए नाली खोद दी। नाली का पानी संपर्क में आते ही सड़क खराब होने लगी।
महापौर किरण राजू बुक सेलर
दुर्दशाग्रस्त सड़क से आए दिन महापौर का भी निकलता होता है, लेकिन, वह भी नजरअंदाज कर रही हैं। वह दिलचस्पी दिखा दें तो यह ऐसा काम नहीं है जिसके लिए बहुत मशक्त करनी पड़ी। नगर निगम इस सड़क किनारे स्थित गन्ने के रस की दुकान सहित अन्य कब्जों की भी अनदेखी कर रहा है।
अन्य नेता और अफसर
इस प्रमुख सड़क से सत्ताधारी दल, अन्य पाटियों के नेता और अफसर भी निकलते रहते हैं। लेकिन किसी को चिंता नहीं है। कुल मिलाकर यदि यही हालात रहे तो इस सड़क पर किसी भी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है।