झांसी। महानगर में मंगलवार को मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिला। कहीं हल्की धूप खिली रहीं तो कहीं बदली और बारिश देखने को मिली। हालांकि, अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने से लोगों को भीषण गर्मी नहीं झेलनी पड़ी। शाम को हल्की ठंडी हवाएं चलने की वजह से मौसम खुशनुमा हो गया। मानसूनी सीजन में अभी तक लोगों को झमाझम बारिश का इंतजार है। सीजन का पहला सप्ताह बीत चुका है लेकिन मानसूनी बारिश को लेकर लोगों को निराशा हाथ लगी है। मंगलवार को सुबह आसमान में बादल छाए होने की वजह से लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद जगी थी लेकिन शहर के मिनर्वा चौराहा समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश होकर थम गई। कहीं पर तो बारिश हो रही थी तो कहीं धूप खिली हुई थी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह भी तेज बारिश की संभावना कम है। हल्के बादल और रिमझिम वर्षा हो सकती है। हालंाकि, तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से कम रहने की वजह से भीषण गर्मी नहीं झेलनी पड़ेगी।