झांसी। माताटीला बांध से आने वाली पानी की पाइप लाइन जोड़ने का काम बुधवार की देर रात पूरा हो गया। बृहस्पतिवार को पानी की आपूर्ति होगी। वहीं, बिना अनुमति ब्लास्टिंग करने वाली दो कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा।
माताटीला बांध से महानगर को पानी की आपूर्ति करने वाली पाइप लाइन बबीना के ग्राम पुरा के पास ब्लास्टिंग से क्षतिग्रस्त हो गई थी। दरअसल, बांध से एक और पाइप लाइन डाली जा रही है। रास्ते में पत्थर आ जाने के कारण पाइप लाइन डाल रहीं कंपनियों ने ब्लास्टिंग की, जिससे पाइप लाइन फट गई थी। इस कारण महानगर में सोमवार से पानी की आपूर्ति नहीं हुई है। पाइप लाइन की रिपेयरिंग का काम बुधवार की रात दस बजे तक चलता रहा। काम पूरा होने के बाद पानी की आपूर्ति सुचारु की गई। माताटीला से पांच घंटे में पानी महानगर तक आएगा। ऐसे में बृहस्पतिवार को सुबह पानी की आपूर्ति होगी। जल निगम के अधिशासी अभियंता एके गुप्ता ने बताया कि रात दस बजे तक पाइप लाइन दुरुस्त कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह से जलापूर्ति होगी।
उधर, बिना अनुमति ब्लास्टिंग करने को लेकर जलनिगम सख्त हो गया है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि पाइप लाइन डालने का काम कर रहीं दो कंपनी पहल और कांक्रीट उद्योग के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा। कंपनी के ठेकेदार ने बिना अनुमति के ब्लास्टिंग की, जिससे पाइप लाइन फट गई। इसमें एक नहीं, बल्कि आठ पाइप क्षतिग्रस्त हो गए। आठों पाइपों को बदलना पड़ा। इसमें काफी समय और पैसा खर्च हो गया और महानगर की जनता को पानी के लिए परेशान होना पड़ा, सो अलग। अब कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा जाएगा। भविष्य में बिना अनुमति ब्लास्टिंग न की जाए, इसको लेकर सख्ती बरती जाएगी।