पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की वजह से जल संस्थान की मिशन कंपाउंड टंकी से जुड़े क्षेत्रों में बृहस्पतिवार की सुबह जलापूर्ति नहीं हो पाई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम को पाइप लाइन दुरुस्त कर जलापूर्ति सुचारु की गई।
मिशन कंपाउंड में स्थित जल संस्थान की टंकी से मिशन कंपाउंड, गोंदू कंपाउंड, बंसल कालोनी, पठोरिया, शीतल कालोनी, शारदा हिल्स कालोनी आदि क्षेत्रों में पानी की सप्लाई की जाती है। बीती रात सिद्धेश्वर मंदिर के पास से पठौरिया की ओर जाने वाली सड़क के किनारे से निकली जल संस्थान की सोलह इंच की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। सुबह टंकी से सप्लाई शुरू करने पर पानी क्षतिग्रस्त पाइप से बह गया। इससे उक्त क्षेत्र के लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचा। गर्मी में पानी न आने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। पीने के पानी तक के लिए लोग परेशान रहे। दोपहर में जल संस्थान के अवर अभियंता मोहम्मद युनुस की टीम ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को ठीक करने का काम शुरू किया। जो शाम तकरीबन सात बजे पूरा हो गया। इसके बाद टंकी से पानी की सप्लाई शुरू की गई। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
अवर अभियंता ने बताया कि पानी के दबाव से पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। हालांकि, संभावना यह भी जताई जा रही है कि पाइप लाइन के ऊपर से किसी भारी वाहन के गुजरने से यह टूटी। उल्लेखनीय है कि पाइप लाइन जमीन से बमुश्किल दो फिट की गहराई पर ही है।
जलापूर्ति पर भी दिया जाए ध्यान
अभी अप्रैल माह खत्म भी नहीं हुआ है और पेय जलापूर्ति गड़बड़ाने लगी है। इससे लोगों को आने वाले दिनों की चिंता सता रही है। लोगों का कहना है कि बिजली आपूर्ति की तरह सरकार को पेय जलापूर्ति पर भी फोकस करना चाहिए। गर्मी में हर घर में पानी की खपत बढ़ जाती है। एक समय भी नल में पानी न आने से लोग परेशान हो जाते हैं।
पाइप लाइनों की हो निगरानी
शहर की पाइप लाइनों की नियमित रूप से निगरानी की जानी चाहिए। छोटे से भी लीकेज को तत्काल दुरुस्त किया जाना चाहिए। जबकि, अभी होता यह है कि जल संस्थान को शिकायत पहुंचने पर ही लीकेज की जानकारी होती है। तब तक काफी पानी बर्बाद हो जाता है और लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
- गोकुल दुबे, गोंदू कंपाउंड
अलग से बनाई जाए टीम
बृहस्पतिवार को सुबह अचानक नल में पानी न आने की वजह से खासी परेशानी हुई। गर्मी में इस तरह की समस्याएं आए दिन आती हैं। क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों को ठीक करने के लिए प्रशासन को अलग से एक टीम बनानी चाहिए, ताकि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को तुरंत दुरुस्त किया जा सके।
- संजय कुकरेजा, बंसल कालोनी
आपूर्ति का समय बढ़ाया जाए
गर्मी के दिनों में पानी की खपत बढ़ जाती है, जबकि सप्लाई उतनी ही दी जाती है, जितनी जाड़े और बरसात के मौसम में। इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। गर्मी के मौसम में लोगों की आवश्यकता के अनुसार पानी की आपूर्ति का समय बढ़ाया जाना चाहिए।
- अंकुर दीक्षित, मिशन कंपाउंड
बताया जाए कब मिलेगा पानी
जल संस्थान के हम उपभोक्ता हैं। पानी के एवज में उसे नियमित रूप से बिल भी चुकाते हैं। लेकिन, किसी तरह की खराबी आने पर जलापूर्ति बाधित होने पर उपभोक्ताओं को यह तक जानकारी नहीं दी जाती है कि अब पानी कब मिलेगा। यह स्थिति ठीक नहीं है।
- अनिल द्विवेदी, मिशन कंपाउंड