झांसी-ग्वालियर रेल मार्ग पर कोटरा व डबरा के बीच स्थित पुल पर सिंध नदी का पानी मंगलवार की रात खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने पर ढाई घंटे तक डाउन ट्रैक का यातायात बंद रहा। रात दो बजे के बाद सवारी व मालगाड़ियों को पांच किलोमीटर की बेहद धीमी गति से पुल से गुजारा गया।
रेल प्रशासन उक्त पुल पर होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखे है। इस मामले के कारण 25 सवारी व 12 मालगाड़ी लेट हो गईं। बुधवार को डीआरएम संदीप माथुर ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। सिंध नदी पर कोटरा व डबरा स्टेशनों के बीच किलोमीटर नंबर 1176 पर अप और डाउन ट्रैक पर अलग- अलग पुल बने हैं।
इनमें डाउन ट्रैक पर बने पुल की ऊंचाई कम होने के कारण मंगलवार की रात 11.30 बजे सिंध नदी में बारिश के कारण बढ़े जलस्तर से पानी खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया। इसके बाद रेलवे पुल से डाउन ट्रैक का संचालन रोक दिया गया।
इस कारण डाउन ट्रैक पर दौड़ रहीं ट्रेनों को पीछे के स्टेशनों पर रोक दिया गया। इसके पूर्व नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण शाम से ही ट्रेनों को पुल से 45 किलोमीटर की रफ्तार से गुजारा जा रहा था। रात 8.20 बजे इस गति को 30 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया गया।
रात दो बजे जलस्तर कम होने पर सबसे पहले टावर वैगन व इसके बाद एक मालगाड़ी को पुल से गुजारा गया। इसके बाद दतिया स्टेशन पर खड़ी जीटी एक्सप्रेस को निकाला गया। सभी गाड़ियों को पांच किलोमीटर प्रति घंटा की बेहद धीमी गति से पुल से गुजारा गया। यह सिलसिला सुबह नौ बजे तक बना रहा। इधर, मंडल नियंत्रण कार्यालय से अधिकारी लगातार ट्रेनों के संचालन पर नजर जमाए रहे।
ये ट्रेनें हुईं लेट
02615 जीटी एक्सप्रेस, 04063 गोंडवाना एक्सप्रेस, 01841 खजुराहो कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस, 02805 विशाखापटनम नई दिल्ली एक्सप्रेस, 02691 सिंकदराबाद निजामुद्दीन एसी एक्सप्रेस, 02621 तमिलनाडु एक्सप्रेस, 04565 सांई नगर कालका सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 02723 एपी एक्सप्रेस, 02195 जबलपुर निजामुद्दीन एक्सप्रेस, 02779 गोवा एक्सप्रेस, 02155 हबीबगंज एक्सप्रेस, 06527 बंगलूरू नई दिल्ली एक्सप्रेस, 01108 बुंदेलखंड एक्सप्रेस, 02715 सचखंड एक्सप्रेस, 02625 केरला एक्सप्रेस, 08477 उत्कल एक्सप्रेस समेत 25 ट्रेनें लेट हो गईं। एक दर्जन मालगाड़ी भी विलंबित हो गईं। वहीं, 01807/ 01808 झांसी आगरा पैसेंजर ट्रेन को निरस्त रखा गया। इधर, शिवपुरी रेल खंड की पटरियों पर पानी भरने के कारण उक्त रेल मार्ग से ही दो ट्रेनों को बीना, झांसी से होकर गुजारा गया। इनमें उज्जैन देहरादून एक्सप्रेस व इंदौर चंडीगढ़ एक्सप्रेस शामिल रहीं।