झांसी। बारिश नहीं होने का असर बांधों पर पड़ रहा है। जलस्तर लगातार कम हो रहा है। कुछ बांध सूख गए तो कुछ में मात्र एक महीने के लिए ही पानी बचा है। इन बांधों से पीने के लिए भी पानी लिया जाता है। जाहिर है कि बारिश नहीं हुई तो पेयजल का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।
हालात भयावह हैं। सपरार बांध में एक महीने के लिए पानी बचा है। डोंगरी और लहचूरा बांध बिल्कुल सूख चुके हैं। माताटीला बांध में भी सिंचाई के लिए पानी नहीं है। इस बांध से नहरों में पानी छोड़ना मुमकिन नहीं दिख रहा है। मौसम विभाग बता रहा है कि अभी तक 110 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है, लेकिन इसका बांधों के जलस्तर पर कोई असर नहीं पड़ा है। जनपद में आधा दर्जन से अधिक बांध हैं, जिसमें तीन (माताटीला, पहूज और सपरार) से ही पेयजल आपूर्ति होती है। झांसी महानगर को माताटीला और पहूज बांध से कच्चा पानी मिलता है जिसे ट्रीट करके पीने के लिए सप्लाई किया जाता है। अभी तो इनके जरिए पानी मिल रहा है लेकिन बारिश नहीं हुई ज्यादा दिन तक पेयजल सप्लाई मुश्किल होगी। इन दोनों बांधों में सिंचाई के लिए पानी बिल्कुल नहीं है।
सपरार बांध का हाल भी बुरा है। इससे मऊरानीपुर क्षेत्र की दो लाख आबादी को पीने का पानी मुहैया कराया जाता है। बांध का जलस्तर 224.64 मीटर से घटकर 21.18 मीटर पर आ गया है। जल संस्थान सप्लाई के लिए बांध से रोजाना एक मिलियन घन फीट कच्चा पानी ले रहा है। धूप और उसम में पानी वाष्प बनकर उड़ रहा है। अफसरों के अनुसार बांध में तीस जुलाई तक ही पीने के उपयोग के लिए पानी बचा है। अगर इस बीच बांध के आसपास क्षेत्रों में तेज बारिश नहीं होगी तो पेयजल सप्लाई ठप हो सकती है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि एक माह तक के लिए ही सपरार बांध में पीने के लिए पानी है। अन्य बांधों की हालत भी लगभग ऐसी ही है। इन स्थितियों में सिंचाई के लिए पानी देना संभव नहीं है। बरसात होने पर ही स्थिति सामान्य हो सकेगी।
यह है बांधों में पानी की स्थिति
उपयोगी क्षमता के सापेक्ष माताटीला में 8.68 मिलियन घन मीटर, ढुकुवां बांध में 19.95 मिलियन घन मीटर, पारीछा बांध में 12.10 मिलियन घन मीटर, डोंगरी बांध में शून्य, खपरार बांध में 2.66 मिलियन घन मीटर, पहूज बांध में 2.8 मिलियन घन मीटर, सपरार बांध में 20.10 मिलियन घन मीटर, पहाड़ी बांध में 7.27 मिलियन घन मीटर, लहचूरा बांध में शून्य, बड़वार झील में 7.78 मिलियन घन मीटर उपयोगी पानी बचा है।