अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। फिल्टर रोड स्थित जल संस्थान महाप्रबंधक कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। कर्मचारियों का आरोप है कि जल संस्थान में ठेकेदारी करने वाले एक युवक ने महाप्रबंधक की धौंस दिखाते हुए भुगतान के लिए कैशियर से गाली गलौज की। कैशियर के इन्कार करने पर उसे देख लेने की धमकी दी। नाराज जल संस्थान कर्मचारियों ने महाप्रबंधक को पत्र भेजकर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कैशियर सुनील कुमार मिश्र ने शिकायती पत्र के जरिए बताया कि रोजाना की तरह वह सोमवार को कार्यालय में काम कर रहा था। उसी दौरान सोहेल ट्रेडर्स के समीर ने उसके पास पहुंचकर एक पर्ची दिखाई और इसका तुरंत भुगतान करने की बात कहने लगा। समीर ने उससे कहा कि महाप्रबंधक ने उसे भेजा है। पर्ची पर दर्ज प्राक्कलन निकालने को भी कहा है। कैशियर ने सुनील से कुछ देर इंंतजार करने को कहा। इस पर सुनील भड़क गया। उसने कार्यालय के भीतर ही कैशियर से गाली गलौज शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर अन्य कर्मचारी भी बाहर निकल आए। आरोपी युवक कैशियर को धमकाता हुआ वहां से भाग निकला। इस घटनाक्रम से नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को प्रभारी महाप्रबंधक के पास पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उल्लास दुबे, अंकित, नीलम, सुनील कुमार मिश्रा, सत्येंद्र राठौर, पवन समेत अन्य उपस्थित रहे।