अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। यहां से करीब 28 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश के दतिया से सिर्फ 999 रुपये खर्च करके भोपाल और खजुराहो के लिए हवाई यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा 31 मई से दतिया एयरपोर्ट के वर्चुअल उद्घाटन होने के बाद से मिलेगी। एयरपोर्ट अफसरों ने बताया कि सप्ताह में चार दिन सोमवार, मंगलवार बुधवार एवं बृहस्पतिवार को यह फ्लाइट मिलेगी। यह फ्लाइट भोपाल से दोपहर एक बजे दतिया के लिए उड़ान भरेगी। दोपहर 2:10 बजे दतिया पहुंचेगी। दतिया से खजुराहो के लिए फ्लाइट दोपहर 2:35 पर उड़ान भरेगी। दोपहर 3:15 बजे खजुराहो पहुंचेगी। खजुराहो से 3:40 बजे उड़ान भरकर शाम 4:20 बजे दतिया आएगी। दतिया से शाम 5:55 बजे भोपाल पहुंचेगी।इसी तरह, उड़ान योजना के तहत दतिया से हवाई सेवा शुरू करने का जिम्मा निजी चार्टर एयरलाइंस कंपनी को सौंपी गई है। वर्चुअल उद्घाटन के बाद 2 जून से नियमित उड़ान सेवा आरंभ होगी। एयरपोर्ट ऑथरिटी के अफसर तैयारियों में जुटे हैं।