झांसी। पॉलीटेक्निक के छात्रावास में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में प्राविधिक शिक्षा निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही सामने आने पर छात्रावास के वार्डन और चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा कॉलेज प्रशासन के कुछ और लोग भी निदेशालय के निशाने पर हैं। जल्द उन पर भी गाज गिर सकती है।
रविवार को सुबह तकरीबन ग्यारह बजे पॉलीटेक्निक के छात्रावास में कॉलेज के ही छात्रों ने एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। खास बात ये रही थी कि कागजों में छात्रावास बंद होने के बाद पिछले कई दिनों से छात्र वहां डेरा डाले हुए थे। लेकिन, उन्हें वहां से हटाने की जहमत किसी ने नहीं उठाई। इस मामले की गूंज शासन स्तर पर भी सुनाई दी। घटना से प्राविधिक शिक्षा विभाग में भी हड़कंप की स्थिति है। विभागीय स्तर पर इस पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया घटना में हॉस्टल वार्डन और चौकीदार की लापरवाही सामने आई है। प्राविधिक शिक्षा निदेशक ने हॉस्टल वार्डन अरविंद कुमार और चौकीदार उमेश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इतना ही नहीं, अभी और भी कुछ जिम्मेदार लोग निदेशालय के निशाने पर हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी है। सूत्रों द्वारा पॉलीटेक्निक कॉलेज प्रशासन में जल्द बड़े फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।