झांसी। मानसूनी सीजन शुरू होने के बाद अब तक झांसी में झमाझम बारिश नहीं हुई है। बीच-बीच में बादल तो छाते हैं लेकिन तेज बरसात नहीं होती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। शुक्रवार को भी आसमान खुला होने की वजह से तेज धूप और उमस बनी रही। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की वजह से लोगों को पसीना-पसीना होना पड़ा। हालांकि, शाम को सर्द हवाएं चलने से कुछ राहत जरूर मिली। प्री मानसून के पहले ही मध्य जून में बारिश होने की वजह से मानसूनी वर्षा के अच्छे संकेत मिले थे। प्री मानसून के दौरान भी हल्की-फुल्की बारिश होती रही। सिर्फ एक-दो बार ही तेज वर्षा हुई। जून के अंतिम सप्ताह में झांसी में मानसूनी बारिश शुरू हो जाती है। मगर इस बार ऐसा नहीं हुआ। कई बार बादल तो छाए लेकिन रिमझिम या बूंदाबांदी तक ही सीमित रहे। बारिश नहीं होने की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ रही है। शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने से दोपहर में घरों से बाहर निकलने वाले लोग पसीना-पसीना होते रहे। शाम को सूरज ढलने के बाद मौसम में थोड़ा बदलाव आया और हल्की सर्द हवाएं चलने लगीं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगे के दिनों में बारिश की संभावना है। बारिश होने की वजह से तापमान में भी थोड़ी गिरावट आ सकती है। ये रह सकता पारा दिन अधिकतम तापमान शनिवार 36 रविवार 37 सोमवार 34 मंगलवार 31 बुधवार 32 बृहस्पतिवार 34 शुक्रवार 34