झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेली जा रही डॉ. वृंदावनलाल वर्मा क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को चैंपियंस क्लब और शेयर किड्स अकादमी के बीच मुकाबला हुआ। जिसमें चैंपियंस क्लब ने 149 रनों से मैच जीता। शतकीय पारी खेलने पर प्रभात को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
निर्धारित 40 ओवरों के मैच में चैंपियंस क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए 37.4 ओवरों में 355 रनों का विशाल स्कोर बनाया। जिसमें कप्तान प्रभात यादव ने 12 चौके और 9 छक्कों की मदद से 130 रन बनाए। वहीं, आशीष यादव ने 43, मोहित बाल्मीकि ने 42, राहुल कुशवाहा ने 34 रन बनाए। शेयर किड्स की ओर से हर्षित ने तीन विकेट लिए। हेमंत और अंश साहनी ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी किड्स अकादमी की टीम 9 विकेट खोकर 186 रन ही बना सकी। जिसमें हर्षित ने 44, हेमंत ने 25, मोहम्मद अनस ने 21 रन बनाए। चैंपियंस क्लब की ओर से प्रभात यादव ने तीन, राहुल यादव व राजू झा ने दो-दो विकेट लिए। अकील व आशीष को एक-एक विकेट मिला। परवेज खान और संजय लॉगसन निर्णायक की भूमिका में रहे। राघवेंद्र सिंह स्कोरर व आब्जर्वर रहे।