अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिले की रिक्त 13 ग्राम पंचायतों के प्रधानों और सदस्यों के पदों पर उप-निर्वाचन की अधिसूचना जारी हो गई है। उप निर्वाचन प्रक्रिया शनिवार से शुरू होगी और 19 फरवरी 2025 को मतदान होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) अविनाश कुमार ने बताया कि विकास खंड गुरसराय की ग्राम पंचायत चतुरताई, पंडवाहा, लिधौरा, देवराखुर्द, रनयारा, रानापुरा, विकास खंड चिरगांव की ग्राम पंचायत पांड़री, विकास खंड बबीना की ग्राम पंचायत बबीना रुरल, पृथ्वीपुर नयाखेड़ा, गुआवली, खजराहा बुजुर्ग, मथुरापुरा एवं पंलीदा में खाली पड़े सदस्य पद के लिए नामांकन पत्रों को जमा करने की तिथि शनिवार को सुबह 10 से शाम चार बजे तक है।
नाम वापसी 11 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन तक होगी। चुनाव चिह्न का आवंटन दोपहर तीन बजे से कार्य समाप्ति तक होगा। 19 फरवरी को सुबह सात से सायं पांच बजे तक मतदान होगा। मतगणना 21 फरवरी को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि उप निर्वाचन में नामांकन पत्रों का विक्रय, नामांकन पत्रों को दाखिल करने समेत सभी प्रक्रिया विकास खंड मुख्यालय पर होगी।