चुनावी बेला में वोटर के ‘दर्शन’ के लिए प्रत्याशियों ने मस्जिद और मंदिर की परिक्रमा लगानी शुरू कर दी है। झांसी-ललितपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी शिवशरण कुशवाहा ने भी शुक्रवार को संसदीय क्षेत्र के प्रमुख मंदिर-मस्जिदों में जाकर वोटरों से आशीर्वाद मांगा। जुमे की नमाज और नवरात्र के कारण दोनों ही आस्था स्थलों में बड़ी तादाद में लोग मौजूद थे।
शिवशरण समर्थकों के साथ कभी मोटरसाइकिलों पर तो कभी कार में सवार होकर आस्था स्थलों तक जा रहे थे। दोपहर में उनका काफिला कमनीगरान मस्जिद पहुंचा। वहां मस्जिद से निकलते हुए लोगों का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इस दौरान उनके समर्थक चुनाव प्रचार सामग्री बांटते रहे। इसके बाद मोटरसाइकिलों पर सवार होकर प्रमुख नेता जुमे की नमाज के वक्त दोपहर में सैंयर गेट स्थित मरकजी मस्जिद पहुंचे। नमाज अदा की जा रही थी।
इसलिए कुछ मिनट वे पड़ोस की एक दुकान में बैठे। नमाज पूरी होते ही शिवशरण पूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य व अन्य समर्थकों के साथ मस्जिद के गेट पर खड़े हो गए। वहां से निकलने वाले सभी लोगों को नमन कर चुनाव में उनका समर्थन मांगा।
कुुछ उम्रदराज लोगों के पैर छू कर विजयश्री का आशीर्वाद भी मांगा। इसके बाद काफिला कानपुर रोड स्थित आर्मी मस्जिद, जीवन शाह मस्जिद पहुंचा। वहां भी यही सिलसिला रहा। मस्जिदों के बाद कुशवाहा और समर्थकों ने मंदिरों का रुख किया। लहर की देवी मंदिर के बाद सभी ललितपुर रवाना हुए। वहां खेत्रपाल मंदिर, तुवर सरकार के दरबार में मौजूद वोटरों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद ललितपुर में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन कर रात में सभी वापस लौटे।
पांच घंटे की नींद और स्वल्पाहार
नामांकन के बाद से कुशवाहा रात 12 बजे सोकर सुबह पांच बजे उठ जाते हैं। इसके बाद टहलना, पूजा-अर्चना नाश्ते के बाद आठ बजे से क्षेत्र में प्रचार पर निकल जाते हैं। उन्होंने बताया कि दिनभर की व्यस्तता, दौड़धूप में सामंजस्य बनाए रखने के लिए बहुत हल्का भोजन, फल-जूस का सेवन कर रहे हैं।
सभी नेता ऐसे ही कहते हैं!
मतदाताओं के पास जा रहे प्रत्याशियों को उनके आक्रोश और प्रश्नों का भी सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी शिवशरण भी इसका अपवाद नहीं हैं। उन्होंने स्वीकारा कि कुछ मतदाता कह रहे हैं कि सभी नेता हाथ जोड़ कर आते हैं। बाद में कुछ करते नहीं और उनके दर्शन दुर्लभ हो जाते हैं। कुशवाहा के अनुसार उन्होंने कहा कि वे वोटरों को समझा रहे हैं कि कांग्रेस का रुख ऐसा नहीं है। मध्यप्रदेश चुनाव में जो वादा किया वो निभाया। आगे भी ऐसा ही होगा। मरकजी मस्जिद में एक व्यक्ति ने कहा ‘और वोटरों को कैसे साधोगे’। इस पर कुशवाहा ने कहा हम तो सभी के पास जा रहे हैं।
हंसी ठिठोली भी
थका देेने वाले चुनाव प्रचार के बीच कुछ हंसी के पल भी आते हैं। कुशवाहा जब प्रचार कर रहे थे तो एक उम्रदराज से उनकी मुलाकात के बीच पीछे खड़ युवाओं ने कहा, काका इनको वोट दे दो शादी हो जाएगी। इसके बाद वहां मौजूद सभी खिलखिला कर हंस पड़े।