झांसी। लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य में दोहरीकरण एवं दोहरी स्वीकृति जैसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए विश्वकर्मा पोर्टल को मजबूत बनाया जा रहा है। इसके तहत अब विभिन्न निर्माण विभागों के स्वामित्व वाली सड़कों का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। इससे सड़क परियोजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी। एक ही मार्ग पर दोबारा स्वीकृति या समान कार्य होने जैसी मामले भी रोके जा सकेंगे।
शासन स्तर से विश्वकर्मा पोर्टल पर मार्गों की मैपिंग और डेटा अपलोड करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया
जारी की गई है। अधिशासी अभियंता रजनीश गुप्ता के मुताबिक सभी निर्माण विभागों के मार्ग भी इस पोर्टल पर दर्ज किए जा रहे हैं। इससे किस सड़क पर कितना धन खर्च हुआ और आवंटन कितना किया गया, आसानी से निगरानी रखी जा सकेगी। किसी भी प्रकार के कार्यों के दोहरीकरण एवं दोहरी स्वीकृति से बचाव होगा। सभी निर्माण विभागों के लिए पोर्टल पर आईडी और पासवर्ड भी जनरेट कर दिया गया है। सभी विभागों को उनके स्वामित्व वाले मार्गों का डेटा फीडिंग और मैपिंग का कार्य एक माह के भीतर पूरा कराने की बात कही गई है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य से जुड़े सभी विभागों की ओर से फीडिंग कार्य भी आरंभ कराया गया है।