झांसी(मोंठ)। शाहजहांपुर थाना इलाके के ग्राम पसैया में अवैध बिजली कनेक्शन काटने से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग की टीम पर हमला बोल दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने विभाग की गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर दी। मुश्किल से जान बचाकर भागे बिजली विभाग के एसडीओ व कर्मचारी थाने पहुंचे। सूचना मिलते ही विभाग के आला अधिकारी भी थाने पर पहुंच गए। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। इस घटना से बिजली विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है। बृहस्पतिवार को बिजली विभाग की टीम उप खंड अधिकारी नागेंद्र सिंह के साथ पसैया गांव में चेकिंग कर रही थी। इसी दरम्यान गांव की आबादी के बाहर पसैया गांव में पुलगहना मार्ग पर खेतों में कुछ लोग अवैधानिक तरीके से ट्रांसफार्मर से कटिया डालकर पानी की मोटर चलाते मिले। इस पर टीम में शामिल कर्मचारियों ने तार निकालना शुरू कर दिए। इस पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और उन्होंने विभाग की इस कार्यवाही का विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसका एसडीओ ने विरोध किया तो ग्रामीण मारपीट पर आमादा हो गए। लाठी - डंडों से हमला कर विभाग की बोलेरो गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। टीम मुश्किल से जान बचाकर भागी और थाने पहुंची। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता ग्रामीण शैलेंद्र कटियार समेत कई अभियंता व अवर अभियंता थाने पहुंच गए और घटना की जानकारी ली।
एसडीओ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार को वे विद्युत कर्मचारियों के साथ शाहजहांपुर क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। ग्राम पसैया में अवैध रूप से तार डालकर बिजली चोरी हो रही थी। तार को हटाते समय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गाली गलौज करने लगे, विरोध करने पर मारपीट कर दी। उन्होंने ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।