संवाद न्यूज एजेंसी
समथर। ग्राम बड़ा बेलमा में इन दिनों कम वोल्टेज और लगातार बिजली की आवाजाही से ग्रामीण परेशान है। बिजली की कमी से सिंचाई भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिजली का वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे, कूलर और पानी की मोटर तक ठीक से नहीं चल पाती हैं। इसके अलावा बार-बार लाइन बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में धान की फसल में पानी नहीं लग पा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में 24 घंटे में मुश्किल से 10 से 12 घंटे ही बिजली की आपूर्ति हो रही है। इस दौरान वोल्टेज भी काफी कम रहता है, जिससे पानी की मोटर भी नहीं चल पा रहीं हैं। पानी के लिए लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ता है। ग्रामीण सुरजीत राजपूत, सत्यम गुर्जर समेत अन्य ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।
वहीं, इस संबंध में एसडीएम मोंठ माज अख्तर ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान जल्द कराया जाएगा।