झांसी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की बिसात सज गई है। चुनाव में अपना पलड़ा भारी करने के लिए दावेदारों ने अपने मोहरे भी फिट कर लिए हैं। गांव-गांव राजनीति गरमाई हुई है। ऐसे में विभिन्न पदों के लिए नामांकन फार्मों की बिक्री भी शनिवार से आरंभ हो गई। प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए ब्लॉक से फार्म लिए गए। वहीं जिपं सदस्य के लिए जिला पंचायत कार्यालय से फार्म लिए गए। पहले दिन 139 फार्म की बिक्री हुई। तीन अप्रैल से सभी जगहों पर एक साथ नामांकन आरंभ होंगे।
चुनावी प्रक्रिया आरंभ होने के साथ ही उम्मीदवारों की सरगर्मी यकायक तेज हो गई। पहले दिन ही नामांकन फार्म खरीदने के लिए तमाम उम्मीदवार ब्लॉकों में नजर आए। जिला पंचायत कार्यालय में भी दिन भर सरगर्मी दिखाई पड़ी। यहां दो दर्जन से अधिक फार्म खरीदे गए। एनओसी के लिए भी उम्मीदवारों के बीच होड़ रही। चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत एवं ग्राम पंचायत उम्मीदवारों के ऊपर किसी तरह का बकाया नहीं होना चाहिए। सहकारी समितियों के बकायेदारों को भी चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं दी गई है। तमाम उम्मीदवारों ने इनकी एनओसी पहले से तैयार करा रखी है, लेकिन नया आरक्षण तय होने के बाद भी बड़ी संख्या में नए उम्मीदवार अब मैदान में उतर आए हैं। इसी तरह निर्वाचन कार्यालय से मतदाता सूची की प्रमाणिक प्रति लेने के लिए भी बड़ी संख्या में उम्मीदवार नजर आए। नामांकन के लिए सिर्फ दो दिन दिए जाने की वजह से भी तमाम उम्मीदवार पहले से तैयारी पूरी रखने के मूड में हैं। उम्मीद जताई जा रही कि होली के बाद नामांकन पत्रोें की बिक्री में तेजी आएगी।
9.64 लाख मतदाता लिखेंगे उम्मीदवारोें की किस्मत
झांसी। पंचायत चुनावों के महासमर में उम्मीदवारों की किस्मत लिखने का काम जनपद के 9.64 लाख मतदाता करेंगे। पिछले वर्ष 2015 में हुए पंचायत चुनावों के दौरान मतदाताओं की संख्या 896005 थी। इस बार कुल 68698 मतदाता बढ़ गए। सर्वाधिक मतदाता गुरसराय ब्लॉक में बढ़े हैं जबकि बबीना ब्लॉक में मतदाताओं की संख्या सबसे कम है। नई मतदाता सूची के मुताबिक बामौर ब्लॉक में 135331, बबीना में 92703, गुरसराय में 133525, चिरगांव में 118473, मोंठ में 13328, बड़ागांव में 126369, मऊरानीपुर में 110312 एवं बंगरा ब्लॉक में 114705 में मतदाता दर्ज किए गए हैं।
नामांकन के लिए तैयारियां पूरी, ब्लॉकों में होंगे ग्राम पंचायत पदों के नामांकन
झांसी। ग्राम पंचायत के नामांकन के लिए ब्लॉक स्तर पर रिटर्निंग ऑफिसर की तैनाती कर दी गई है। ग्राम पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत पदों के लिए नामांकन ब्लॉक पर होंगे जबकि जिला पंचायत सदस्य के लिए एडीएम राजस्व के यहां नामांकन होगा। नामांकन संबंधी सभी प्रपत्र ब्लॉकों में भेज दिए गए हैं। नामांकन तीन से लेकर चार अप्रैल तक किए जा सकेंगे।
बामौर ब्लॉक में बतौर आरओ जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील सिंह एवं डीडी मत्यस्य ज्ञानेंद्र सिंह, गुरसराय ब्लॉक में जिला दिव्यांग अधिकारी दीपक शुक्ला एवं उपायुक्त सुधीर श्रीवास्तव, मऊरानीपुर ब्लॉक में डीडी भूमि संरक्षण आरके उत्तम एवं संयुक्त कृषि निदेशक सुरेंद्र सिंह चौहान, बंगरा ब्लॉक में डीडी कृषि शोध रजित राम एवं सिंचाई विभाग एक्सईएन रमाशंकर राजपूत, मोंठ ब्लॉक में एक्सईएन केशव लाल एवं पीडब्ल्यूडी एक्सईएन बीएल सिंह, चिरगांव ब्लॉक में एक्सईएन जल निगम वीरेंद्र प्रसाद एवं राजकीय उपकृषि निदेशक ज्ञानचंद्र कटियार, बबीना ब्लॉक में जिला कृषि अधिकारी कमलेश सिंह एवं एनआरएनल उपायुक्त नागेंद्र नारायण मिश्र, बड़ागांव ब्लॉक में एक्सईएन सिंचाई शरद कुमार एवं सीवीओ डा.वाईएस तोमर को आरओ बनाया गया है। जिला पंचायत सदस्यों के लिए मुख्यालय पर नामांकन होगा।
महिला आरक्षण को लेकर आयोग ने जारी किए निर्देश
महिला एवं आरक्षित सीटों में किनकी उम्मीदवारी हो सकती है इसको लेकर चुनाव आयोग ने निर्देश जारी किए हैं। सामान्य वर्ग में जन्म लेने वाली महिला सामान्य वर्ग में ही मानी जाएगी। आरक्षित वर्ग अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के पुरुष से विवाह कर लेने अथवा अरक्षित वर्ग के व्यक्ति के गोद लेने पर उसे आरक्षित सीट से उम्मीदवारी का मौका नहीं दिया जाएगा। इसी तरह आरक्षित वर्ग में जन्म लेने वाली महिला के अनारक्षित वर्ग के पुरुष से विवाह कर लेने अथवा गोद लेने की स्थिति में भी उसे आरक्षित वर्ग का लाभ मिलेगा। आरक्षित वर्ग में चुनाव लड़ने के लिए तहसीलदार अथवा उपजिलाधिकारी से जारी जाति प्रमाण पत्र देना होगा।