फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चोरी का आरोपी ग्राम प्रधान पुलिस के हत्थे चढ़ा

विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। अपने एक खास मिलने वाले के घर से विश्वासघात कर 75 लाख रुपये का सोना और 25 लाख रुपये नकद चोरी करने वाला नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसके पास से चोरी किया गया सोना और नकदी बरामद कर ली गई है। हालांकि, घटना में शामिल प्रधान का भाई अब भी फरार है।
विज्ञापन

थाना प्रेमनगर इलाके के ग्राम बल्लमपुर निवासी स्व. महेंद्र राय की पत्नी नीता राय ने अपने ही गांव के नवनिर्वाचित प्रधान संतोष राय और उसके भाई अरविंद राय के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें महिला ने बताया था कि ग्राम प्रधान ने अपने भाई के साथ मिलकर उसके घर से 25.50 लाख रुपये नकद तथा डेढ़ किलो सोना चोरी कर लिया है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। बीते रोज रविवार को थाना प्रेमनगर के प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह चौहान और एसओजी प्रभारी राजेश पाल सिंह की टीम ने आरोपी ग्राम प्रधान को दबोच लिया। एसएसपी शिवहरि मीणा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी के 25 लाख रुपये नकद और लगभग 75 लाख रुपये कीमत का डेढ़ किलो सोना भी बरामद कर लिया गया है।
विदित हो कि रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला नीता राय और आरोपी प्रधान के परिवार के बीच पिछले कई सालों से पारिवारिक ताल्लुकात थे। लेकिन, ग्राम प्रधान ने भरोसे का गला घोंटते हुए उक्त घटना को अंजाम दिया।
विज्ञापन

अपहरण का भी रचा था नाटक
झांसी। आरोपी ग्राम प्रधान ने पुलिस को गुमराह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बीते शुक्रवार को ग्राम प्रधान के अपहरण का आरोप लगाते हुए दर्जनों की संख्या में ग्रामीण पुलिस ऑफिस पहुंच गए थे और उसे अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त कराने की मांग करते हुए घंटों वहां जमे रहे थे। आरोपी प्रधान की पत्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला के पुत्र पर अपहरण का आरोप लगाया था।
कर्ज लेकर चुनाव लड़ा, चुकाने के लिए चोरी
झांसी। पूछताछ के दौरान चोरी के आरोपी प्रधान संतोष राय ने बताया कि उसने चुनाव लड़ने के लिए कुछ लोगों से कर्ज लिया था। अब वे लोग कर्जा चुकाने का दबाव बना रहे थे। इसी कर्जे को चुकाने के लिए उसने अपने भाई के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
अब आयकर विभाग को देना होगा ब्योरा
झांसी। प्रधान और उसके भाई के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला नीता राय ने पुलिस को बताया था कि उसका पुत्र शिवम राय बालू घाट चलाता है। 30 जून को घाट बंद होने के बाद बिक्री का 28.50 लाख रुपये घर ले आया था, जो पार्टनरों में बांटा जाना था, लेकिन किन्हीं कारणों से बांटा नहीं जा सका। जबकि, सोने को महिला ने पुश्तैनी बताया था। एसएसपी शिवहरि मीणा ने बताया कि चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया गया है। आयकर विभाग को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। पीड़ित पक्ष को अब नकदी और सोने का ब्योरा आयकर विभाग को देना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें