झांसी। बृहस्पतिवार को नगर में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम एवं लंकाधिपति रावण सेनाओं के बीच संग्राम हुआ। तदुपरांत, राम के तरकश से निकले तीर से महाबली रावण धराशाई हो गया। इसके साथ ही रावण, मेघनाद व कुंभकरण के बारूदी पुतले धू- धू कर जल उठे। इस दौरान आसमान में आतिशबाजी की सतरंगी छटाएं भी बिखेरी गईं।
सदर बाजार स्थित जीमखाना मैदान में श्रीराम लीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित समारोह में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम एवं लंकाधिपति रावण के मध्य निर्णायक युद्ध हुआ। युद्ध में सत्य की असत्य पर विजय हुई। तदुपरांत मैदान में लगाए गए रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतले धू- धू कर जल उठे। इस दौरान दर्शकों ने शानदार आतिशबाजी का भी आनंद लिया। इसके पूर्व श्रीराम, लक्ष्मण व हनुमान का मुख्य अतिथि केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने तिलक कर पूजन अर्चना की।
तिलक करने वालों में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, सदर विधायक रवि शर्मा, बबीना विधायक कृष्णपाल सिंह राजपूत, डीआरएम एस के अग्रवाल, एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे, स्टेशन कमांडर शैलेंद्र शर्मा, बसपा नेत्री अनुराधा शर्मा, पूर्व एमएलसी श्याम सुंदर सिंह, राकेश बघेल, अमित अग्रवाल, डा डी के गुप्ता, डा राकेश अग्रवाल, विजय खन्ना, राधेश्याम गुप्ता, भूपेंद्र अग्रवाल, मुकुंद मेहरोत्रा, विकास कपूर, विकास खत्री, शांतनु पांडे, नरेंद्र कौशिक, अर्जुन यादव, संजीव श्रृंगीऋषि, अशोक मिश्रा आदि शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष व पार्षद मुकेश जैन ने किया।
उधर, बुंदेलखंड दशहरा कमेटी के तत्वावधान में क्राफ्ट मेला मैदान में आयोजित दशहरा उत्सव में युद्ध से पूर्व श्रीराम, लक्ष्मण व हनुमान का तिलक केंद्रीय मंत्री उमा भारती, राज्यसभा सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव, गरौठा विधायक दीप नारायण सिंह यादव, पूर्व सांसद पं. विश्वनाथ शर्मा, बसपा नेत्री अनुराधा शर्मा, डीआईजी अजय मोहन शर्मा, एस आर ग्रुप के चेयरमैन सुरेंद्र राय ने किया। तत्पश्चात राम व रावण की सेना के मध्य घनघोर युद्ध हुआ।
समूचा मैदान ‘मैं लंकेश हूं’ के अट्टाहास से बार- बार गूंजता रहा। वहीं आकर्षण का केंद्र बना रिमोट चलित हेलीकाप्टर अतिथियों पर लगातार पुष्पवर्षा करता रहा। युद्ध पश्चात जालौन, भितरवार व जालौन के आतिशबाजों ने झरना, आसमानी आवाज पैदा करते गोले, रंग बिरंगी चरखी, आसमान से बरसात का सुंदर एवं मनमोहक प्रदर्शन किया। पुतला दहन के साथ सोने की लंका भी जल गई।
इस अवसर पर नगर विधायक रवि शर्मा, एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे, वीरेंद्र राय, राकेश बघेल, रमेश अग्रवाल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, राघव वर्मा, सीओ नगर कल्याण सिंह, एसपी सिटी राजेश कुमार, कैलाश गुप्ता, सोमकांत निगम, देवदत्त बुधौलिया, शीलू पंडित, राम किशन निरंजन, अनूप सहगल आदि मौजूद रहे। संचालन आयोजक अशोक जैन व वीरेंद्र सिंह ने किया, जबकि आभार राजीव राय ने जताया।
सीपरी कारगिल पार्क में आयोजित दशहरा कार्यक्रम में सपा सांसद डा. चंद्रपाल सिंह यादव ने भगवान राम का तिलक किया। इसके पश्चात 35 फीट ऊंचे रावण का दहन हुआ। इस अवसर पर मदन मोहन शर्मा, राकेश शिवहरे, वली मोहम्मद, गोपाल जी आदि मौजूद रहे। वहीं, सीपरी स्थित हीरोज मैदान में रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन हुआ।