झांसी। महानगर में बुधवार को गणेश चतुर्थी पर्व के साथ ही गणेश उत्सव का शुभारंभ हो गया। श्रद्धालुओं ने मंदिरों, अपने घरों एवं आकर्षक पंडालों में भगवान गजानन की मनोहारी मूर्तियां प्रतिष्ठापित कीं और पूजा एवं आरती की।
गणेश उत्सव को लेकर सुबह से ही भक्तों में विशेष उत्साह रहा। घरों व मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजाई गईं। महाराष्ट्र समाज के गणेश मंदिर में सुंदरकांड व आरती की गई। इधर किला स्थित श्रीगणेश मंदिर में नगर विधायक रवि शर्मा, धर्माचार्य हरीओम पाठक आदि ने गणेश जी की पूजा की।
इधर, प्राचीन भैरो बाबा मंदिर में भजनों की धुन पर कलश यात्रा निकली गई। भगवान गणेश की मूर्ति प्रतिष्ठापित की गई। वहीं, महानगर के शहर, सदर बाजार, सीपरी, प्रेमनगर सहित अन्य सभी क्षेत्रों में गणेश उत्सव भव्यता के साथ शुरू हुआ और आकर्षक पंडाल सजाए गए। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने एक दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।