झांसी। माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित 61वीं प्रादेशिक विद्यालयीय अंडर-19 सीके नायडू बालक-बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में गोरखपुर ने झांसी को पराजित किया। गोरखपुर की कविता ने लगातार चार गेंदों में चार विकेट चटकाकर वाहवाही बटोरी। इसके अलावा बनारस ने इलाहाबाद को, आगरा ने मुरादाबाद को हराया।
बालिका वर्ग में लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में हुए मैचों में झांसी ने निर्धारित ओवरों में 38 रन बनाए, जिसे गोरखपुर ने दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। मैच में विजेता टीम की गेंदबाज कविता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लिए। अन्य मैचों में इलाहाबाद ने पहले बल्लेबाजी कर 62 रन बनाए, जिसे बनारस ने पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। अलीगढ़ ने निर्धारित 10 ओवरों में पूजा के 19 व गजल के 22 रनों की मदद से 74 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मंडल की टीम मात्र 45 रन पर ही सिमट गई। वहीं, मुरादाबाद ने सात विकेट के नुकसान पर 61 रन बनाए, जिसे आगरा ने दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। वहीं प्रतियोगिता में अब तक सबसे बड़ा स्कोर बनाते हुए फैजाबाद ने एक विकेट के नुकसान पर 97 रन बनाए, जिसमें अंशु तिवारी के नाबाद 48 रन शामिल हैं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बनारस की टीम मात्र 40 पर ही ढेर हो गई।
इधर, सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान में बालक वर्ग के मैचों में गोरखपुर ने मिर्जापुर को, इलाहाबाद ने झांसी को तथा बस्ती ने आगरा को हराया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. नीरज कुमार पांडेय, उप क्रीड़ा अधिकारी राकेश यादव, योगेंद्र मिश्रा, संजीव त्रिपाठी, सुनीता तिवारी, सुदर्शन शिवहरे आदि मौजूद रहे।