बुधवार आधी रात रक्सा के पुनावली रोड पर स्वॉट टीम के साथ हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पांव में गोली लगने से घायल हो गया जबकि दूसरे को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। घायल बदमाश ने अपना नाम रिंकू उर्फ अजय बताया जबकि उसके साथ पकड़े गए बदमाश का नाम दीपक सिरोन है।
विज्ञापन
दोनों बदमाश भिवानी (हरियाणा) के रहने वाले हैं। उनके पास चोरी हुई कार समेत लॉक तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला उपकरण, तमंचा समेत कारतूस भी बरामद हुए हैं।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया बुधवार रात स्वॉट टीम को चोरी की गाड़ी से बदमाशों के गुजरने की बात मालूम चली थी। पुलिस टीम ने रक्सा के सारमऊ के पास नाकेबंदी की। एक कार के गुजरने पर उसको रोकने की कोशिश की गई। कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई।
विज्ञापन
बदमाश कार छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। इस दौरान एक गोली रिंकू के पांव में जा लगी। पूछताछ में रिकूं ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उन दोनों ने मिलकर रक्सा निवासी राजेश राय के घर के बाहर खड़ी बोलरो कार उड़ाई थी।
एसपी सिटी के मुताबिक दीपक सिरोन ने रक्सा निवासी युवती से प्रेम विवाह किया है। कुछ दिन पहले दीपक अपनी साली की शादी में शामिल होने यहां आया था। उसी दौरान उसने यहां वारदात करने का प्लान बनाया। मदद के लिए रिंकू को यहां बुलाया लिया। रिंकू शातिर कार चोर है।
रिंकू ने ही कार का ताला तोड़कर कार चोरी की। पुलिस ने बदमाशों के पास कार का लॉक तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किया है। पुलिस टीम में स्वॉट प्रभारी जितेंद्र तक्खर, रक्सा थानाध्यक्ष परमेंद्र सिंह समेत अन्य शामिल थे।