रानीपुर। नगर पंचायत द्वारा नवीन सब्जी मंडी में बनाई जा रही 17 दुकानों के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेता और अन्य लोग नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे तथा विरोध प्रदर्शन कर अधिशासी अधिकारी को निर्माण कार्य रोकने के लिए ज्ञापन सौंपा।
नगर पंचायत नवीन सब्जी मंडी में एक तरफ 17 दुकानों का निर्माण करा रहा है। दुकानों के निर्माण कार्य को लेकर कुछ पार्षद एवं सब्जी विक्रेताओं ने पहले भी अपना विरोध जताया था। पूर्व में भी सब्जी विक्रेता मंडी में विरोध प्रदर्शन कर उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंप निर्माण कार्य रोकने की मांग कर चुके हैं। मंगलवार को सब्जी विक्रेताओं समेत कुछ पार्षद तथा नगर के लोग नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। वहां विरोध प्रदर्शन कर बताया कि नवीन सब्जी मंडी में रविवार एवं बुधवार के दिन भीड़ एकत्र होती है।
सब्जी विक्रेताओं को जगह का अभाव होने लगता है। वहीं, मेला जल विहार महोत्सव के दौरान संपन्न होने वाले तमाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी क्षेत्र की बेतहाशा भीड़ एकत्र होती है। सब्जी विक्रेताओं ने यह भी बताया कि यदि यहां एक ओर दुकानें बना दी जाती हैं तो यह मैदान कम हो जाएगा। अन्य जगह भी दुकानें बनाई जा सकती हैं। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी निखिल कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
बोर्ड बैठक में होगा मसले का समाधान : अधिशासी अधिकारी
सब्जी विक्रेताओं से ज्ञापन लेने के बाद नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी ने सब्जी विक्रेताओं को आश्वासन देते हुए कहा कि इस समस्या का समाधान नगर पंचायत बोर्ड बैठक में होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में दुकानों के निर्माण का प्रस्ताव पार्षदों द्वारा ही दिया गया था। यदि इन दुकानों के प्रस्ताव को पार्षदों द्वारा बोर्ड की बैठक में निरस्त किया जाता है तो दुकानों का निर्माण कार्य रोक दिया जाएगा।