झांसी। नरिया बाजार में मंगलवार की सुबह ठेला लगाकर सब्जी बेच रहे विक्रेताओं को पुलिस ने खदेड़ लिया। यहां पर भीड़ उमड़ने लगी थी और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा था। इसके अलावा दतिया गेट बाहर मटका बेचने वालों को भी पुलिस ने हटाया। लॉकडाउन के दौरान सब्जी वालों को स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं कि वार्ड-वार्ड जाकर सब्जियां बेचें। किसी भी एक स्थान पर ठेले लगाकर न खड़े हों। इसके बावजूद सब्जी विक्रेता मान नहीं रहे हैं। अभी तक सीपरी बाजार, नंदनपुरा में एक स्थान पर कई ठेले वाले पास-पास खड़े हो जा रहे थे। इस कारण भीड़ उमड़ रही थी और सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं हो रहा था। मंगलवार की सुबह नरिया बाजार से पानी वाली धर्मशाला मार्ग पर सब्जी विक्रेताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सब्जी खरीदने के लिए ठेले वालों के आसपास भीड़ उमड़ पड़ी। वहां से गुजर रहे पुलिस कर्मचारियों ने देखा तो सब्जी वालों को खदेड़ना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में भीड़ छंट गई। वहीं, दतिया गेट बाहर पर मटका बेचने वालों को भी पुलिस ने सख्ती कर हटाया।